ऋचा घोष की तूफानी फिनिशिंग, 17 गेंदों में 34 रन ठोक भारत को पहुंचाया 170 के स्कोर तक
भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने पाकिस्तान के खिलाफ महिला टी20 विश्व कप मैच में 17 गेंदों पर 34 रन की विस्फोटक पारी खेली. उनकी शानदार फिनिशिंग की बदौलत भारत ने 170 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया.
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने पाकिस्तान के खिलाफ महिला टी20 विश्व कप मुकाबले में शानदार फिनिशिंग टच दिखाते हुए टीम इंडिया को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. नंबर छह पर बल्लेबाजी करने उतरी ऋचा ने महज 17 गेंदों में 34 रन की तेजतर्रार पारी खेली और भारत के स्कोर को 170 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.

मुश्किल समय में संभाली जिम्मेदारी
ऋचा घोष उस समय बल्लेबाजी के लिए आईं जब भारतीय टीम का स्कोर 110 रन पर 4 विकेट था. टीम मैनेजमेंट ने रन गति बढ़ाने के लिए भारती फुलमाली को प्रमोट किया था, लेकिन वह सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गईं. इसके बाद पारी को तेजी देने की जिम्मेदारी ऋचा के कंधों पर आ गई. शुरुआत में पाकिस्तान की गेंदबाजों ने उन्हें खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया, लेकिन ऋचा ने धैर्य बनाए रखा और सही समय का इंतजार किया.
19वें ओवर में पलट दिया मैच
भारत की पारी के 18 ओवर पूरे होने तक स्कोर 132/5 था। इसके बाद पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने 19वां ओवर युवा गेंदबाज तस्मिया रुबाब को सौंपा. यही ओवर मुकाबले का टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ. दीप्ति शर्मा ने ओवर की पहली गेंद पर चौका लगाया और दूसरी गेंद पर सिंगल लेकर स्ट्राइक ऋचा को दे दी. इसके बाद ऋचा ने तस्मिया पर हमला बोल दिया. उन्होंने लगातार चार गेंदों पर चौका, 77 मीटर लंबा छक्का, फिर चौका और फिर चौका लगाकर 19वें ओवर में कुल 23 रन बटोरने में अहम योगदान दिया. इस ओवर के बाद भारत का स्कोर 155 रन तक पहुंच गया.

आखिरी ओवर में भी जारी रखा हमला
20वें ओवर में भी ऋचा ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और एक शानदार चौका लगाया. हालांकि बड़ी हिट लगाने के प्रयास में वह आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर आउट हो गईं, लेकिन तब तक वह अपना काम कर चुकी थीं.
भारत की पारी को दिया शानदार फिनिश
ऋचा घोष ने अपनी 17 गेंदों की पारी में 5 चौके और 1 छक्का लगाया. उनका स्ट्राइक रेट 200 का रहा. उन्होंने दीप्ति शर्मा के साथ सिर्फ 21 गेंदों में 45 रन की तेज साझेदारी भी की.

भारतीय टीम ने आखिरी दो ओवरों में 38 रन जोड़कर पाकिस्तान के सामने 170 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा. ऋचा की यह पारी महिला टी20 विश्व कप में भारत के लिए नंबर छह पर खेली गई सबसे प्रभावशाली पारियों में से एक मानी जा रही है.
shivendra 
