500 में 500 अंक लाने वाली चांदनी से मिले सीएम मोहन यादव, पढ़ाई और नए घर का दिया भरोसा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत ई-स्कूटर से भीम नगर बस्ती पहुंचे. उन्होंने जन संवाद कार्यक्रम में नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने.

500 में 500 अंक लाने वाली चांदनी से मिले सीएम मोहन यादव, पढ़ाई और नए घर का दिया भरोसा

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को भोपाल के भीमनगर स्लम एरिया पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय लोगों से जनसंवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एमपी बोर्ड की 12वीं परीक्षा में 500 में 500 अंक हासिल कर प्रदेश में टॉप करने वाली छात्रा चांदनी विश्वकर्मा से भी मुलाकात की।

चांदनी ने मुख्यमंत्री को अपनी पढ़ाई और पारिवारिक परिस्थितियों के बारे में बताया। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनकी आगे की शिक्षा में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है।

कच्चे मकान में रहती हैं चांदनी

चांदनी विश्वकर्मा अपने परिवार के साथ भीमनगर के स्लम क्षेत्र में एक कमरे के कच्चे मकान में रहती हैं। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेशभर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

मुख्यमंत्री ने चांदनी के घर की स्थिति का भी जायजा लिया और अधिकारियों को नया मकान बनवाने या मौजूदा घर की उचित मरम्मत करवाने के निर्देश दिए।

मेहनत और लगन की सीएम ने की सराहना

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि चांदनी विश्वकर्मा ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपनी मेहनत, लगन और समर्पण के दम पर असाधारण सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि चांदनी जैसे प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रदेश के अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा हैं।

सीएम ने कहा, "मैं आज चांदनी विश्वकर्मा के घर उनसे मिलने आया हूं। उन्होंने 12वीं बोर्ड परीक्षा में 500 में से 500 अंक प्राप्त किए हैं। कठिन हालात के बावजूद उन्होंने जो उपलब्धि हासिल की है, वह बेहद प्रेरणादायक है।"

लोगों से भी किया जनसंवाद

भीमनगर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। उन्होंने कहा कि सरकार अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास और सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है।