सफाई कर्मचारियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी: मांगों को लेकर नारेबाजी की, सड़क पर धरना दिया
इंदौर में सफाई कर्मचारियों ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और सांसद शंकर लालवानी का किया घेराव, 5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की CM से मुलाकात का आश्वासन
इंदौर नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा के दौरान मुख्यमंत्री के इंदौर पहुंचने की सूचना पर बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी विजयनगर चौराहे पर कार्यक्रम स्थल के बाहर पहुंच गए। कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की और सड़क पर धरना दे दिया।
मंत्री और सांसद का घेराव, समस्याएं रखने की कोशिश
प्रदर्शन के दौरान सफाई कर्मचारियों ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और सांसद शंकर लालवानी को रोककर अपनी समस्याओं पर चर्चा करने की कोशिश की। इस दौरान कई भाजपा नेताओं का भी कर्मचारियों ने घेराव किया। माहौल उस समय गरमा गया, जब कर्मचारियों की ओर से एक भाजपा महिला नेत्री पर कथित तौर पर अपशब्द कहने का आरोप लगाया गया। इसके बाद कर्मचारियों ने नारेबाजी तेज कर दी।
5 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की CM से मुलाकात का आश्वासन
हंगामे के बीच सांसद शंकर लालवानी ने सफाई कर्मचारियों के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि उनकी मांगें मुख्यमंत्री तक पहुंचेंगी और उनका समाधान निकलेगा।
15 से ज्यादा जगहों पर सड़क पर कचरा फेंकने का मामला
हड़ताल के बीच शहर में करीब 15 से अधिक स्थानों पर निगम के सफाई वाहनों से ही सड़कों पर कचरा फेंके जाने की घटनाएं सामने आई हैं। सफाई कर्मचारी नेताओं ने इन घटनाओं पर अपना पक्ष रखते हुए आरोप लगाया कि आंदोलन को खत्म कराने के लिए समाज के ही कुछ लोग इस तरह की हरकत कर रहे हैं।
सफाई व्यवस्था को लेकर नेताओं की अपील
हड़ताल के चलते इंदौर की सफाई व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है। सांसद शंकर लालवानी सहित अन्य भाजपा नेताओं ने शहरवासियों से स्वच्छता बनाए रखने और सड़कों पर कचरा नहीं फैलाने की अपील की है।
Varsha Shrivastava 
