MP में मानसून एक्टिव: 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, इंदौर में तेज बारिश से कई इलाकों की सड़कें जलमग्न

इंदौर तेज बारिश से कई इलाकों की सड़कें जलमग्न, एक थार नाले में गिरी, रपटा पार कर रहे बाइक सवार दो युवक तेज बहाव में बह गए, नाले में बहे एक युवक का शव मिला

MP में मानसून एक्टिव: 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, इंदौर में तेज बारिश से कई इलाकों की सड़कें जलमग्न

मध्य प्रदेश में मानसून एक्टिव हो गया है और आगे बढ़ रहा है। बुधवार को सागर, भोपाल संभाग के कई जिलों से होता हुआ मानसून आगे पहुंचा। 7 संभाग को कवर करने के बाद गुरुवार को मानसून उज्जैन, ग्वालियर-चंबल संभाग में पहुंचा। अब मानसून ने पूरे मध्य प्रदेश को कवर कर लिया है। इस बार प्रदेश में मानसून ने 9 दिन लेट एंट्री की, आम तौर पर मानसून 15 जून तक एमपी में दस्तक देता है। 24 जून को एंट्री के बाद इस तरह 9 दिन में मानसून ने पूरे प्रदेश का कवर कर लिया। वहीं, आज मौसम विभाग ने 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मानसून का कहर, 5 जुलाई तक भारी बारिश का खतरा

मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यह मानसूनी सिस्टम प्रदेश में अगले 4 दिन यानी, 5 जुलाई तक लगातार सक्रिय रहेगा और इस दौरान अति भारी या भारी बारिश का अलर्ट है। 3 जुलाई को धार, बड़वानी और 4 जुलाई को खरगोन जिले में अत्यंत भारी बारिश का रेड अलर्ट भी जारी किया गया है।

आज भारी बारिश की चेतावनी, 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट 

इधर, गुरुवार को ही प्रदेश में अति भारी, भारी और तेज बारिश का दौर जारी रहेगा। हरदा, नर्मदापुरम, रायसेन, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बालाघाट, सीहोर और आगर-मालवा में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अगले 24 घंटे में यहां 4 से 8 इंच तक पानी गिर सकता है।  वहीं, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली और मऊगंज, अशोकनगर, देवास, खंडवा, बैतूल, सागर, मंडला, डिंडोरी, जबलपुर और कटनी में मध्यम से भारी बारिश और आंधी का का यलो अलर्ट जारी है।

भोपाल, इंदौर-उज्जैन में पानी गिरेगा

मौसम विभाग ने भोपाल, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खरगोन, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, शाजापुर, बैतूल, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में गुरुवार को आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

तेज बारिश में तैर गया इंदौर, सड़कें बनीं स्विमिंग पूल

इंदौर में बुधवार शाम से शुरू हुई झमाझम बारिश देर रात तक लगातार जारी रही। कई घंटों तक हुई तेज बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी। कई इलाकों में सड़कें तालाब में बदल गईं तो गलियां नालों जैसी नजर आईं। कहीं कारें आधी डूबी दिखीं तो कहीं दोपहिया वाहन पानी में संघर्ष करते नजर आए। 

शहर के कई इलाकों में जलभराव और तेज बहाव की स्थिति बन गई। वार्ड क्रमांक 80 में बारिश का पानी दुकानों में घुस गया, जबकि कई इलाकों की सड़कें जलमग्न हो गईं। बारिश के दौरान एक थार नाले में गिर गई। वाहन में पूरा परिवार सवार था। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल मदद कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

अलग-अलग स्थानों पर दो युवकों के बहे, एक का शव मिला

बुधवार को इंदौर के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई। इस बीच अलग-अलग स्थानों पर दो युवकों के बहने की घटनाएं सामने आईं। लसूड़िया क्षेत्र में नाले में बहे एक युवक का शव गुरुवार सुबह बरामद कर लिया है। जबकि अहीरखेड़ी में बहा युवक अब भी लापता है और उसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार लसूड़िया मोरी निवासी 34 वर्षीय गोलू पंवार बुधवार रात करीब 9 बजे तेज बारिश के बीच अपने पिता के लिए खाना लेकर जा रहा था। वह नाले के किनारे से गुजर रहा था, तभी तेज बहाव की चपेट में आकर पानी में बह गया। रात में उसे तलाशने की कोशिश की गई पर वह नहीं मिला।

इधर, द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के अहीरखेड़ी-काकड़ इलाके में रपटा पार करते समय दो बाइक सवार तेज बहाव में बह गए। दोनों की उम्र 20 से 22 साल बताई जा रही है। इनमें मनीष को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि महेश तेज बहाव में लापता हो गया। पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर उसकी तलाश में जुटी है।

प्रदेश में अब तक 28% बारिश कम, अब जुलाई से उम्मीद

प्रदेश में इस बार पूरे जून महीने आंधी-बारिश का दौर रहा। वहीं, 1 जुलाई को भी कई जिलों में तेज पानी बरसा। इसके चलते अब तक कुल 100.2 मिमी यानी, 4 इंच पानी गिर चुका है। हालांकि, ये सामान्य बारिश 139.7 मिमी (5.4 इंच) से 28 प्रतिशत कम है। प्रदेश की सामान्य बारिश 37.3 इंच है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर जिले की सामान्य बारिश 38 से 39 इंच तक है।

मौसम विभाग के अनुसार, जून में कम बारिश हुई है, लेकिन जुलाई से काफी उम्मीदें हैं। इस महीने पूरे मानसून की एक तिहाई बारिश का ट्रेंड है। जैसे- भोपाल में 39 इंच सामान्य बारिश है तो 14 इंच बारिश जुलाई में होती है। बड़े शहरों में जबलपुर ही ऐसा है, जहां सबसे ज्यादा 17 इंच से ज्यादा बारिश होती है। जुलाई के महीने में ही प्रदेश में कोटे की 40 प्रतिशत तक बारिश होती है।