दतिया उपचुनाव का ऐलान: 30 जुलाई को वोटिंग, 3 अगस्त को आएंगे नतीजे
दतिया विधानसभा उपचुनाव की तारीखें घोषित, चुनाव आयोग ने जारी किया पूरा कार्यक्रम, 30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को होगी मतगणना
दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। भारत निर्वाचन आयोग ने मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट सहित बिहार और गुजरात की कुल तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की घोषणा कर दी है।
दतिया के साथ बिहार और गुजरात में भी उपचुनाव
दतिया सीट पर 30 जुलाई 2026 को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त 2026 को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। यह सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती के अयोग्य घोषित होने के बाद खाली हुई थी।

दतिया के अलावा बिहार की बांकीपुर और गुजरात की मंजलपुर विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव कराया जाएगा। निर्वाचन आयोग ने सभी राज्यों में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
चुनाव कार्यक्रम जारी
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार दतिया उपचुनाव के लिए 6 जुलाई 2026 को राजपत्र अधिसूचना जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई निर्धारित की गई है। 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि उम्मीदवार 16 जुलाई तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 30 जुलाई को मतदान कराया जाएगा और 3 अगस्त को मतगणना होगी। पूरे चुनाव की प्रक्रिया 4 अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी।

आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू
चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही दतिया विधानसभा क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदान सभी केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) के माध्यम से कराया जाएगा। साथ ही मतदान के दौरान मतदाताओं को पहचान के लिए निर्वाचन फोटो पहचान पत्र (EPIC) के अलावा आयोग द्वारा मान्य अन्य पहचान पत्र भी स्वीकार किए जाएंगे।
Varsha Shrivastava 
