राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी के जाति प्रमाण-पत्र विवाद पर 6 जुलाई को समिति के सामने पेशी
राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी का जाति प्रमाण-पत्र विवाद: गांव में डुगडुगी बजाकर दी गई सूचना, 6 जुलाई को होगी छानबीन समिति के सामने पेशी
सतना। नगरीय विकास राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी के कथित अनुसूचित जाति (एससी) प्रमाण-पत्र विवाद में प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई तेज हो गई है। राज्य स्तरीय जाति छानबीन समिति के निर्देश पर शुक्रवार को सतना जिले के नागौद तहसील के ग्राम वसुधा और हरदुआ मझोल समेत संबंधित क्षेत्रों में डुगडुगी बजवाकर आम लोगों को सूचना दी गई। प्रशासन ने लोगों से कहा है कि यदि किसी के पास मंत्री की जाति से संबंधित कोई तथ्य, दस्तावेज या साक्ष्य हों तो वे उन्हें समिति के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं।
राज्य स्तरीय छानबीन समिति ने राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी को नोटिस जारी कर 6 जुलाई 2026 को अनुसूचित जाति विकास आयुक्त कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए हैं। समिति ने नोटिस की तामील सुनिश्चित करने के लिए सतना कलेक्टर को विशेष निर्देश जारी किए थे।
नोटिस बोर्ड से लेकर गांव में डोंडी तक, प्रशासन ने शुरू की कार्रवाई
जारी निर्देशों के अनुसार इश्तहार की प्रतियां तहसील कार्यालय नागौद, जनपद पंचायत कार्यालय तथा संबंधित ग्राम पंचायतों के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कराई गई है। ग्राम पंचायत बचबई और वसुधा के सचिवों द्वारा डोंडी/डुगडुगी पिटवाकर वीडियोग्राफी कराई गई। वहीं राजस्व निरीक्षक वृत्त डाम्हा को ग्राम हरदुआ मझोल और वसुधा में सूचना का सार्वजनिक प्रकाशन कर पंचनामा एवं फोटोग्राफी कराई गई।
Varsha Shrivastava 
