MP Weather Alert: प्रदेश में 4 दिन आंधी-बारिश का दौर, 30-31 मार्च को ग्वालियर-चंबल में गिर सकते हैं ओले
मध्यप्रदेश में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज। 1 अप्रैल से यह सिस्टम धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगेगा, जिससे मौसम में सुधार आएगा।
मध्यप्रदेश में एक बार फिर मौसम बदलने जा रहा है। रविवार से प्रदेशभर में आंधी और बारिश का नया दौर शुरू होगा, जो लगातार 4 दिनों तक जारी रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, इस बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ और ट्रफ लाइन सक्रिय है, जिसकी वजह से वातावरण में नमी बढ़ेगी और तेज हवाओं के साथ बारिश होगी। खास बात यह है कि 30 और 31 मार्च को इस सिस्टम का असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा।
ग्वालियर-चंबल में ओलावृष्टि की आशंका
मौसम विभाग ने ग्वालियर और चंबल संभाग के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में बारिश के साथ ओले गिरने की भी संभावना जताई गई है। भिंड, दतिया और ग्वालियर जिलों में ओलावृष्टि का खतरा अधिक बताया जा रहा है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि पहले भी ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान हो चुका है।
इन संभागों में तेज आंधी और बारिश
अगले 24 घंटे के दौरान ग्वालियर, चंबल और उज्जैन संभाग में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, सागर और रीवा संभाग के कई जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के 20 से ज्यादा जिलों में इस दौरान मौसम खराब रहेगा। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
तापमान में आएगी गिरावट, गर्मी से राहत
लगातार आंधी और बारिश के चलते प्रदेश के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। फिलहाल अधिकांश शहरों में तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, लेकिन अगले दो दिनों में इसमें 2 से 3 डिग्री तक की कमी आ सकती है। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिलेगी।
अप्रैल-मई में पड़ेगी भीषण गर्मी
मौसम विभाग का कहना है कि 1 अप्रैल से यह सिस्टम धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगेगा, जिससे मौसम में सुधार आएगा। हालांकि, तब तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
मौसम विभाग ने आगे के लिए चेतावनी भी दी है कि अप्रैल और मई में इस बार भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। ऐसे में फिलहाल मिल रही राहत ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है।
सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज आंधी के समय खुले स्थानों से दूर रहें और पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें। किसानों को भी अपनी फसल की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की सलाह दी गई है।
प्रदेश में मार्च महीने में यह चौथी बार मौसम का मिजाज बदल रहा है। इससे पहले भी कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हो चुकी है, जिससे गेहूं, पपीता और केले की फसलों को भारी नुकसान हुआ था। अब एक बार फिर खराब मौसम के चलते किसानों की चिंता बढ़ गई है। यदि ओले गिरते हैं तो खड़ी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।
Varsha Shrivastava 
