PM मोदी 11 दिसंबर को कनाडा जाएंगे : ट्रम्प के टैरिफ दबाव के बीच कनाडा तलाश रहा नए बाजार

PM Modi Canada Visit : PM मोदी का दौरा ऐसे समय पर हो रहा है जब कनाडा और अमेरिका के बीच ट्रेड वॉर की स्थिती है। ट्रम्प के टैरिफ दबाव के बीच कनाडा नए बाजार तलाश रहा है।

PM मोदी 11 दिसंबर को कनाडा जाएंगे : ट्रम्प के टैरिफ दबाव के बीच कनाडा तलाश रहा नए बाजार

PM Modi Canada Visit : नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिसंबर महीने में कनाडा के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच ट्रेड डील को लेकर बातचीत होगी। जानकारी के मुताबिक, पीएम मोदी 11से 12 दिसंबर को कनाडा में रहेंगे। इस दौरान भारत- कनाडा व्यापार समझौते (CEPA) पर हस्ताक्षर होने की संभावना भी है। इसके तहत दो देश व्यापार, निवेश और कारोबार बढ़ाने के लिए नियम तय करते हैं।

भारत और कनाडा 2030 तक आपसी कारोबार को बढ़ाकर सालाना 7 लाख करोड़ रुपए करना चाहते हैं। अभी दोनों देशों के बीच करीब 3 लाख करोड़ रूपए का व्यापार होता है। बता दें कि, PM मोदी का दौरा ऐसे समय पर हो रहा है जब कनाडा और अमेरिका के बीच ट्रेड वॉर की स्थिती है। ट्रम्प के टैरिफ दबाव के बीच कनाडा नए बाजार तलाश रहा है।

दोनों नेताओं के बीच हुई थी फोन पर बात 

प्रधानमंत्री मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के बीच 13 अक्टूबर को फोन पर बातचीत हुई। पीएम मोदी ने इसे अच्छी बातचीत बताया। दोनों नेताओं ने व्यापार, ऊर्जा, तकनीक, सुरक्षा और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने पर सहमति जताई।

कनाडा के प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, दोनों नेता चाहते हैं कि भारत और कनाडा के बीच व्यापार समझौते पर बातचीत जल्द पूरी हो। बातचीत में हिंद-प्रशांत क्षेत्र के हालात पर भी चर्चा हुई। कार्नी ने रूस-यूक्रेन युद्ध का शांतिपूर्ण समाधान निकालने की कोशिशों के लिए मोदी की तारीफ भी की।

ऐसे बिगड़े थे दोनों देश के रिश्ते 

बता दें कि, साल 2023 में खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बाद भारत और कनाडा के रिश्तों में तनाव बढ़ गया था। उस समय कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने आरोप लगाया था कि निज्जर की हत्या में भारतीय सरकारी एजेंटों की भूमिका हो सकती है। हालांकि भारत ने इन आरोपों को खारिज कर दिया था।

फिर साल 2024 में कनाडा पुलिस और सरकार ने भारतीय राजनयिकों पर गंभीर आपराधिक गतिविधियों से जुड़े होने के आरोप भी लगाए थे। इसके बाद कनाडा ने 6 भारतीय राजनयिकों को देश छोड़ने को कहा था। 

इसके जवाब में भारत ने भी 6 कनाडाई राजनयिकों को वापस जाने के लिए कहा। इसके बाद दोनों देशों के रिश्ते काफी तनावपूर्ण हो गए लेकिन मार्क कार्नी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से रिश्ते सुधारने की कोशिशें तेज हुई हैं। पिछले साल नवंबर में भारत दौरे के दौरान कार्नी ने भारत को भरोसेमंद व्यापारिक साझेदार बताया था।

11 साल बाद द्विपक्षीय दौरा

जून 2025 को PM मोदी का यह द्विपक्षीय दौरा नहीं था। वे G7 समिट में शामिल होने गए थे। हालांकि बैठक के इतर उन्होंने PM कार्नी से मुलाकात की थी।इसके बाद अप्रैल 2015 में PM मोदी कनाडा के द्विपक्षीय दौरे पर गए थे। उस समय कनाडा के प्रधानमंत्री स्टीफन हार्पर थे। इस दौरे के बाद भारत ने कनाडा से यूरेनियम खरीदने का समझौता भी किया था।

दिसंबर में 3 देशों का दौरा कार्यक्रम

रिपोर्ट के मुताबिक, मोदी दिसंबर में कनाडा के अलावा अमेरिका और बेल्जियम भी जा सकते हैं। इन दौरों में व्यापार और दूसरे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।

11-12 दिसंबर: कनाडा - मोदी टोरंटो और ओटावा जाएंगे। दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते पर बातचीत होगी।

13-15 दिसंबर: अमेरिका - फ्लोरिडा में G20 समिट में शामिल होने का कार्यक्रम है।

16-17 दिसंबर: बेल्जियम - ब्रसेल्स में भारत और यूरोपीय संघ के बीच व्यापार समझौते पर चर्चा हो सकती है। बता दें कि, अभी अमेरिका और बेल्जियम के कार्यक्रमों की तारीखों की आधिकारिक घोषणा होना बाकि है।