मोहाली के फोर्टिस अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी, CM भगवंत मान भर्ती; पोलोनियम से संक्रमित करने का दावा
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को कथित रूप से घातक केमिकल ‘पोलोनियम’ देने का दावा सामने आने के बाद राज्य में हड़कंप मच गया है.
मोहाली। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान जिस Fortis Hospital Mohali में भर्ती हैं, उसे मंगलवार दोपहर 1:11 बजे बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी भरे ई-मेल में दावा किया गया है कि सीएम मान को ‘पोलोनियम’ जैसे रेडियोएक्टिव पदार्थ से संक्रमित किया गया है।
ई-मेल में लिखा गया कि “भाई दिलावर सिंह के वारिसों ने उन्हें पोलोनियम से संक्रमित किया है। अगर वह बच गए तो बेअंत जैसा हाल करेंगे। फोर्टिस अस्पताल से सीएम की लाश ही निकलेगी।” धमकी में पंजाब के दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह का जिक्र करते हुए 1995 में चंडीगढ़ सचिवालय में हुए मानव बम हमले की याद दिलाई गई।
हाई अलर्ट पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां
धमकी मिलते ही पंजाब पुलिस और इंटेलिजेंस एजेंसियां हाई अलर्ट पर आ गईं। अस्पताल परिसर को चारों तरफ से घेर लिया गया है। पांच बम निरोधक दस्तों को सक्रिय कर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अस्पताल में आने-जाने वालों की जांच कड़ी कर दी गई है।
मोहाली के एसपी दिलप्रीत सिंह ने कहा कि फिलहाल मुख्यमंत्री को किसी अन्य अस्पताल में शिफ्ट करने की कोई योजना नहीं है। सीएम की सुरक्षा में तैनात टीमें पूरी तरह सतर्क हैं और पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है।
16 स्कूलों को भी मिली धमकी
फोर्टिस अस्पताल के साथ-साथ मोहाली के 16 स्कूलों को भी धमकी भरे ई-मेल मिलने की जानकारी सामने आई है। एहतियातन स्कूलों में छुट्टी करवा दी गई है और पुलिस द्वारा सुरक्षा जांच की जा रही है।
पोलोनियम क्या है?
पोलोनियम एक दुर्लभ और अत्यंत विषैला रेडियोएक्टिव पदार्थ माना जाता है। हालांकि, मुख्यमंत्री को वास्तव में किसी रेडियोधर्मी तत्व से संक्रमित किया गया है या नहीं, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच एजेंसियां ई-मेल की तकनीकी जांच कर रही हैं और भेजने वाले की पहचान व लोकेशन ट्रेस करने में जुटी हैं।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक स्रोतों से जारी जानकारी पर ही भरोसा करें। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
shivendra 
