रीवा में इंसानियत को झकझोरती तस्वीर, ड्रम पर शव यात्रा

घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रीवा में इंसानियत को झकझोरती तस्वीर, ड्रम पर शव यात्रा
रीवा। जवा तहसील के रौली गांव से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बाढ़ के कारण गांव का रास्ता बंद होने के बाद ग्रामीणों को एक शव को ड्रम पर रखकर घर तक ले जाने की मजबूरी उठानी पड़ी।

 
बताया जा रहा है कि बाढ़ के पानी से रास्ता पूरी तरह बाधित हो गया था, जिसके कारण शव वाहन या अन्य साधन गांव तक नहीं पहुंच सके। ऐसे में ग्रामीणों ने मजबूरी में ड्रम का सहारा लिया और शव को उस पर रखकर पानी और दुर्गम रास्ते के बीच से घर तक पहुंचाया।
 
ग्रामीणों का आरोप है कि इस गंभीर स्थिति की जानकारी स्थानीय सरपंच को भी दी गई थी, लेकिन समय पर कोई मदद नहीं मिल सकी। हालांकि, सरपंच और प्रशासन का पक्ष सामने आना बाकी है।

घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं कि आपदा और बाढ़ जैसी परिस्थितियों में ग्रामीण इलाकों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था आखिर कहां है? क्या किसी परिवार को अपने मृत परिजन की अंतिम यात्रा के लिए भी इस तरह की बेबसी का सामना करना पड़ेगा?
 
ड्रम पर रखा शव और उसे सहारा देकर आगे बढ़ते ग्रामीणों की यह तस्वीर अब सिर्फ एक गांव की घटना नहीं, बल्कि व्यवस्था से जवाब मांगता बड़ा सवाल बन गई है।