सिंगरौली में 11 साल की बालिका ने लगाई फांसी
सिंगरौली के करौटी ग्राम पंचायत के ओरगाई में 11 वर्षीय बालिका की मौत से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिंगरौली। गोभा पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम पंचायत करौटी अंतर्गत ग्राम ओरगाई में सोमवार सुबह एक 11 वर्षीय बालिका की मौत का मामला सामने आया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।मृतक बालिका की पहचान सौम्या साकेत (11 वर्ष), पिता इंद्रजीत साकेत, निवासी ग्राम ओरगाई के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना सोमवार सुबह करीब 10 बजे की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बालिका ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद गोभा चौकी पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
मौत की वजह स्पष्ट नहीं
बालिका ने यह कदम क्यों उठाया, फिलहाल इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Anubhav Dubey 
