ट्रंप की चीन को धमकी: ईरान की मदद करते पकड़ा तो लगाएंगे 50% टैरिफ

अमेरिका आज से होर्मुज स्ट्रेट पर नाकेबंदी करेगा। अमेरिकी राष्ट्रपति का दावा- ईरान की नौसेना खत्म, 158 जहाज तबाह किए।

ट्रंप की चीन को धमकी: ईरान की मदद करते पकड़ा तो लगाएंगे 50% टैरिफ

अमेरिका, ईरान और चीन के बीच तनाव एक बार फिर तेजी से बढ़ता दिख रहा है। अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन को चेतावनी दी है कि वो ईरान की मदद नहीं करे। बीते दिनों एक इंटरव्यू में US President ने कहा था कि अगर चीन ईरान को सैन्य मदद देता हुआ पकड़ा गया, तो उस पर 50% तक टैरिफ लगाया जाएगा। ब्रिटेन और कुछ अन्य देश होर्मुज स्ट्रेट में माइन (बारूदी सुरंग) हटाने वाले नौसैनिक जहाज भेजेंगे। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा था कि अमेरिका लॉक्ड एंड लोडेड है, यानी पूरी तरह तैयार है। जब सही समय आएगा, तो अमेरिकी सेना ईरान पर कार्रवाई कर सकती है।

आज से अमेरिका होर्मुज स्ट्रेट पर नाकेबंदी करेगा

होर्मुज स्ट्रेट पर अमेरिका आज से नाकेबंदी लागू करने जा रहा है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे से ईरान के बंदरगाहों की ओर आने-जाने वाले जहाजों को रोका जाएगा। नाकेबंदी का असर भी दिखने लगा है। इस समुद्री मार्ग से जहाजों की आवाजाही लगभग ठप हो गई है। नाकेबंदी की घोषणा के बाद ट्रैफिक तुरंत रुक गया और कई जहाजों ने रास्ता बदल लिया या वापस लौट गए हैं।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि नाकेबंदी का मकसद ईरान की तेल बिक्री रोकना है। अमेरिकी राष्ट्रपति के मुताबिक, कई अन्य देश भी इस प्रयास में अमेरिका का साथ दे रहे हैं। इसके अलावा ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान की सैन्य ताकत को भारी नुकसान हुआ है और उसकी नौसेना लगभग खत्म हो चुकी है। 158 जहाज तबाह किए जा चुके हैं।

ईरान पर फिर हमले शुरू कर सकता है अमेरिका

इस बीच वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तान में हुई बातचीत विफल होने के बाद अमेरिका ईरान पर फिर सैन्य हमले कर सकता है। व्हाइट हाउस ने साफ किया है कि सभी विकल्प खुले हैं और हालात के हिसाब से आगे का फैसला लिया जाएगा। वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक राष्ट्रपति ट्रंप ईरान पर दोबारा एयरस्ट्राइक करने के विकल्प पर विचार कर रहे हैं। अमेरिका पहले ही होर्मुज स्ट्रेट पर नौसैनिक नाकेबंदी का ऐलान कर चुका है और अब इसके साथ अन्य सैन्य विकल्पों पर भी विचार किया जा रहा है।

इजराइल ने दक्षिणी लेबनान में किए हवाई हमले

इजराइल ने दक्षिणी लेबनान में एक बार फिर हवाई हमले कर दिए हैं। अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, नबतियेह शहर और मइफादौन कस्बे को निशाना बनाया गया है। फिलहाल हमलों में हुए नुकसान या हताहतों की जानकारी सामने नहीं आई है। वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लेबनान में इजराइल के हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 2,055 हो गई है। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, 2 मार्च से शुरू हुई इस सैन्य कार्रवाई में कम से कम 6,588 लोग घायल भी हुए हैं।