नेपाल के पूर्व PM केपी ओली अरेस्ट, प्रधानमंत्री बनते ही एक्शन मोड में बालेन शाह

पिछले साल हुए GEN-Z प्रोटेस्ट के मामले में नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक को पुलिस ने शनिवार सुबह गिरफ्तार किया।

नेपाल के पूर्व PM केपी ओली अरेस्ट, प्रधानमंत्री बनते ही एक्शन मोड में बालेन शाह

नेपाल में सत्ता परिवर्तन के साथ ही सियासी भी हलचल तेज हो गई है। नए प्रधानमंत्री बालेन शाह के नेतृत्व में बनी सरकार ने शपथ लेने के 24 घंटे के भीतर बड़ा कदम उठाते हुए पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और पूर्व गृहमंत्री रमेश लेखक को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पिछले साल हुए Gen-Z छात्र प्रदर्शनों के दौरान हुई मौतों के मामले में की गई है।

जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री बालेन शाह की अध्यक्षता में हुई पहली ही कैबिनेट बैठक में जांच आयोग की रिपोर्ट को लागू करने का निर्णय लिया गया। इस रिपोर्ट में प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई और प्रशासनिक विफलता को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए थे। आरोप है कि निहत्थे छात्रों पर गोलीबारी की गई, जिसके चलते 70 से अधिक लोगों की मौत हुई और व्यापक हिंसा के कारण भारी संपत्ति का नुकसान भी हुआ।

शनिवार सुबह तड़के सबसे पहले पूर्व गृहमंत्री रमेश लेखक को हिरासत में लिया गया, जबकि कुछ समय बाद पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को भी उनके निवास से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद दोनों नेताओं को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया, जिसके बाद उन्हें कस्टडी में रखने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।

जांच आयोग, जिसकी अगुवाई पूर्व न्यायाधीश गौरी बहादुर कार्की ने की थी। उन्होंने अपनी रिपोर्ट में कहा कि प्रशासन को पहले से खुफिया चेतावनी मिली थी, लेकिन समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए। इस लापरवाही के चलते हालात बिगड़े और हिंसक टकराव में कई लोगों की जान चली गई।

हालांकि रिपोर्ट में नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और सेना के कुछ अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं, लेकिन फिलहाल उनके खिलाफ सीधी कार्रवाई नहीं की गई है। सरकार ने इस पहलू की अलग से जांच के लिए नई समिति गठित करने का निर्णय लिया है।