बाणसागर में नहाने उतरा 15 साल का किशोर डूबा, दो लोगों की बची जान; SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी
रीवा के रामनगर स्थित बाणसागर जलाशय के मार्कण्डेय घाट पर नहाने के दौरान 15 वर्षीय वेद गुप्ता गहरे पानी में डूब गया। दो महिलाओं को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बचा लिया, जबकि किशोर की तलाश में पुलिस और SDRF की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
रीवा। रीवा के रामनगर स्थित बाणसागर में रविवार को बड़ा हादसा हो गया. नहाने के दौरान 15 साल का एक किशोर गहरे पानी में डूब गया. वहीं उसके साथ पानी में उतरी दो महिलाओं को स्थानीय लोगों ने समय रहते बाहर निकाल लिया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
जानकारी के मुताबिक, वेद गुप्ता चारधाम यात्रा के हवन कार्यक्रम में शामिल होने अपने मामा नारायण गुप्ता के घर रामनगर आया था. कार्यक्रम के बाद वह परिवार के कुछ लोगों के साथ बाणसागर जलाशय के मार्कण्डेय घाट पर नहाने पहुंचा था. नहाते समय वेद गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया. उसके साथ पानी में उतरी दो महिलाओं को स्थानीय लोगों ने किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन वेद को नहीं बचाया जा सका.
घटना की सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची. नाव और गोताखोरों की मदद से जलाशय में देर शाम तक तलाश अभियान चलता रहा, लेकिन समाचार लिखे जाने तक किशोर का पता नहीं चल सका. घटना के बाद मार्कण्डेय घाट की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां हर दिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं. लोगों ने घाट पर चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और लाइफगार्ड की व्यवस्था करने की मांग की है.
फिलहाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम वेद गुप्ता की तलाश में जुटी हुई है. वहीं परिवार और स्थानीय लोग उसकी सकुशल बरामदगी की उम्मीद लगाए हुए हैं.

