महाराष्ट्र TET परीक्षा स्थगित, पेपर लीक की आशंका के बाद लिया गया बड़ा फैसला

महाराष्ट्र में TET परीक्षा पेपर लीक की आशंका के बाद स्थगित कर दी गई है। परीक्षा से 24 घंटे पहले सवाल लीक होने की जानकारी सामने आई। जानें पूरा मामला, पुलिस जांच और नई परीक्षा तिथि से जुड़ी अपडेट।

महाराष्ट्र TET परीक्षा स्थगित, पेपर लीक की आशंका के बाद लिया गया बड़ा फैसला

महाराष्ट्र में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को पेपर लीक की आशंका के चलते फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। परीक्षा 28 जून 2026 कों पुरे राज्यभर में 1,028 परीक्षा केन्द्रों में होने वाली थी लेकिन करीब 24 घंटे पहले प्रश्नपत्र के लीक होने की जानकारी सामने आने के बाद महाराष्ट्र स्टेट एग्जामिनेशन काउंसिल ने यह निर्णय लिया। अब परीक्षा नई तारीखों के साथ आयोजित की जाएगी, जिसकी घोषणा बाद में की जाएगी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ठाणे जिले के भिवंडी सहित कई स्थानों पर छापेमारी की है। जांच के दौरान कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है ताकि पेपर लीक के पीछे शामिल लोगों की पहचान की जा सके।

इस बार TET परीक्षा में लगभग 4.28 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद थी। परीक्षा टलने से बड़ी संख्या में उम्मीदवारों को असुविधा का सामना करना पड़ा है। फिलहाल जांच जारी है और प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष जांच के बाद नई परीक्षा तिथि जल्द घोषित की जाएगी।

राजनीतिक प्रतिक्रिया

पेपर लीक मामले के बाद अब तक महाराष्ट्र सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, कांग्रेस ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर पोस्ट करते हुए सरकार पर निशाना साधा। पार्टी ने लिखा, "BJP की सरकार में कोई ऐसा पेपर नहीं है, जो लीक न होता हो। यह सरकार 'पेपर लीक सरकार' बन चुकी है।"

वहीं, CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि "BJP सरकार बिना पेपर लीक हुए एक भी परीक्षा कराने में सफल नहीं हो पा रही है।सरकार का डबल इंजन अब डबल लीक बन चुका है।"




फिलहाल नई परीक्षा तिथि का ऐलान अभी नहीं किया गया है। इस घटना के बाद परीक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं, जबकि लाखों अभ्यर्थी अब महाराष्ट्र स्टेट एग्जामिनेशन काउंसिल की अगली आधिकारिक घोषणा का इंतजार कर रहे हैं।