भोपाल में हिंदू नव वर्ष मेला: दशहरा मैदान में सजा संस्कृति का महाकुंभ, 12 ज्योतिर्लिंगों के एक साथ दर्शन

भोपाल के दशहरा मैदान में हिंदू नव वर्ष के अवसर पर भव्य मेला महोत्सव आयोजित किया जा रहा है, जहां 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन समेत धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम लोगों को आकर्षित कर रहे हैं.

भोपाल में हिंदू नव वर्ष मेला: दशहरा मैदान में सजा संस्कृति का महाकुंभ, 12 ज्योतिर्लिंगों के एक साथ दर्शन

भोपाल: भोपाल में हिंदू नव वर्ष के अवसर पर टीटी नगर स्थित दशहरा मैदान में भव्य मेला महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। 19 मार्च से शुरू हुआ यह मेला 18 अप्रैल 2026 तक चलेगा, जहां धर्म, संस्कृति और परंपराओं का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।

महानगर मेला उत्सव समिति कर रही आयोजन 

मेले का आयोजन महानगर मेला उत्सव समिति द्वारा किया जा रहा है। समिति के अध्यक्ष और मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने बताया कि यह आयोजन केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का एक सशक्त माध्यम है।

12 ज्योतिर्लिंगों के हो रहे दर्शन 

इस बार मेले का सबसे बड़ा आकर्षण भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों की प्रतिकृतियां हैं। श्रद्धालु एक ही स्थान पर सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग, महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग, ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, केदारनाथ ज्योतिर्लिंग, काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग सहित सभी ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर रहे हैं।

मेले में धार्मिक अनुष्ठान, पूजा-अर्चना, विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अलावा झूले, खानपान और खरीदारी की व्यापक व्यवस्था भी की गई है, जिससे हर वर्ग के लोग इस आयोजन का आनंद ले सकें।

संस्कृति से जोड़ने का मंच: उमाशंकर गुप्ता

उमाशंकर गुप्ता ने कहा कि यह मेला भोपाल की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ ही नई पीढ़ी को भारतीय परंपराओं से जोड़ने का काम कर रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस आयोजन में शामिल होकर नव संवत्सर का उत्साहपूर्वक स्वागत कर रहे हैं।