क्राइम ब्रांच इंदौर की बड़ी कार्रवाई, 13.82 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ आरोपी गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच इंदौर की कार्रवाई, 13.82 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त। लोखंडे ब्रिज के पास नशा तस्कर गिरफ्तार। एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपी भूपेंद्र डिगवा गिरफ्तार।

क्राइम ब्रांच इंदौर की बड़ी कार्रवाई, 13.82 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ आरोपी गिरफ्तार
Indore Crime Branch Brown Sugar

इंदौर। शहर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत क्राइम ब्रांच इंदौर पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर के निर्देशानुसार क्राइम ब्रांच टीम ने लगातार गोपनीय सूचना संकलन कर अवैध मादक पदार्थों के क्रय-विक्रय में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की है। इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच की टीम शहर में संदिग्धों की तलाश कर रही थी।

इस दौरान लोखंडे ब्रिज के पास नाले के किनारे एक व्यक्ति काले रंग की दोपहिया वाहन पर बैठा हुआ संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह घबरा गया, जिस पर टीम ने घेराबंदी कर उसे रोका। पूछताछ में उसने अपना नाम भूपेंद्र डिगवा उर्फ भोंपू, निवासी एरोड्रम क्षेत्र, इंदौर बताया।

आरोपी की विधिवत तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 13.82 ग्राम अवैध मादक पदार्थ ‘ब्राउन शुगर’ बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 1 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अतिरिक्त मौके से एक बिना नंबर प्लेट की काले रंग की हीरो स्प्लेंडर दोपहिया वाहन और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। कुल जब्त मशरूका की अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 30 हजार रुपये है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अवैध लाभ अर्जित करने की मंशा से सस्ते में मादक पदार्थ खरीदकर इंदौर शहर में ब्राउन शुगर बेचने की बात स्वीकार की है। आरोपी वाहन रिपेयरिंग का कार्य करता है और आठवीं कक्षा तक शिक्षित है।

आरोपी के विरुद्ध थाना अपराध शाखा में अपराध क्रमांक 222/2025, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया गया है। मामले में विवेचना जारी है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।