मेक्सिको में रेल हादसा: 13 की मौत, 98 घायल, राष्ट्रपति शिनबाम ने जताया शोक

मेक्सिको में हुए भीषण रेल हादसे में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 98 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद देश की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने गहरा दुख जताया है।

मेक्सिको में रेल हादसा: 13 की मौत, 98 घायल, राष्ट्रपति शिनबाम ने जताया शोक

मेक्सिको में हुए भीषण रेल हादसे में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 98 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद देश की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने गहरा दुख जताया है और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बताया कि नौसेना ने 13 लोगों की मौत की पुष्टि की है।

राष्ट्रपति शिनबाम ने कहा कि केंद्र सरकार की सभी राहत और बचाव एजेंसियां मौके पर पहुंच चुकी हैं। उन्होंने ओक्साका राज्य के गवर्नर सोलोमन जारा को निर्देश दिए हैं कि घायलों और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। राष्ट्रपति के निर्देश पर नौसेना, गृह मंत्रालय और अन्य एजेंसियां राहत कार्य में जुटी हुई हैं।

ओक्साका के गवर्नर सोलोमन जारा ने बताया कि हादसे में घायल 60 से अधिक यात्रियों को राज्य के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें 11 घायलों का इलाज स्यूदाद इक्स्टेपेक के जनरल हॉस्पिटल में चल रहा है, जबकि 22 यात्रियों को जुचिटान जनरल हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। इसके अलावा 29 घायलों को माटियास रोमेरो स्थित IMSS ज़ोन हॉस्पिटल में इलाज के लिए ले जाया गया है। गंभीर रूप से घायल पांच यात्रियों को तेहुआंतेपेक जनरल हॉस्पिटल और पांच अन्य को सलीना क्रूज जनरल हॉस्पिटल रेफर किया गया है।

गवर्नर जारा ने बताया कि यह रेल दुर्घटना निजांडा के पास हुई, जब ट्रेन में करीब 250 यात्री सवार थे। हादसे के बाद 139 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव मदद दी जाएगी।

बता दें कि जिस रेल सेवा का यह हादसा हुआ, उसकी शुरुआत साल 2023 में हुई थी। सरकार इस परियोजना को रणनीतिक रूप से बेहद अहम मानती है और इसे लगातार विकसित किया जा रहा है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है