बांग्लादेश चुनाव में BNP की बंपर जीत, PM मोदी ने तारिक रहमान को दी बधाई
बांग्लादेश की पूर्व पीएम खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) को चुनाव में बंपर जीत मिली है। BNP अध्यक्ष तारिक रहमान का प्रधानमंत्री बनना लगभग तय हो गया।
ढाका: बांग्लादेश में 12 फरवरी (गुरुवार) को हुए आम चुनाव के लिए मतदान के बाद वोटों की गिनती का काम जारी है। इसी बीच पूर्व पीएम खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) को बंपर जीत मिली है। BNP ने 299 सीटों में से 209 पर जीत दर्ज की है। जो बहुमत के लिए जरूरी 150 सीटों से 59 ज्यादा हैं। अब तक 286 सीटों के नतीजे सामने आए हैं।
जिसके बाद पूर्व पीएम खालिदा जिया के बेटे और BNP अध्यक्ष तारिक रहमान का प्रधानमंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है। रहमान ने दो सीटों पर चुनाव लड़ा था, दोनों पर उनकी जीत हुई है। रहमान पिछले साल दिसंबर में ही 17 साल बाद बांग्लादेश लौटे थे।
पीएम मोदी ने दी बधाई
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर बीएनपी चीफ तारिक रहमान को जीत की बधाई दी है। साथ ही पीएम मोदी ने बांग्लादेश के विकास की उम्मीद जताई है।
I convey my warm congratulations to Mr. Tarique Rahman on leading BNP to a decisive victory in the Parliamentary elections in Bangladesh.
— Narendra Modi (@narendramodi) February 13, 2026
This victory shows the trust of the people of Bangladesh in your leadership.
India will continue to stand in support of a democratic,…
वहीं जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व वाले 11 पार्टियों के गठबंधन को अब तक सिर्फ 70 सीटें मिली हैं। जमात चीफ शफीकुर रहमान ने ढाका-15 सीट से जीत दर्ज की है।
इस बीच भारत में रह रहीं बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना ने इस चुनाव को पूरी तरह से फर्जी और असंवैधानिक करार दिया है। इस चुनाव में शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग पर बैन भी लगा दिया था।
इन चुनावों को बांग्लादेश के राजनीतिक भविष्य के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। अगस्त 2024 में देशभर में हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद यह पहला आम चुनाव है। इस प्रदर्शन के बाद पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को सत्ता से हटना पड़ा था।
pushpendra 
