निपाह वायरस से पहली मौत, 25 साल की नर्स ने तोड़ा दम
पश्चिम बंगाल में निपाह वायरस से मौत का पहला मामला दर्ज किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 25 साल की एक महिला नर्स की निपाह संक्रमण के कारण जान चली गई। राज्य में हाल ही के समय में यह निपाह से जुड़ी पहली मृत्यु बताई जा रही है।
कोलकाता: कोरोना वायरस के बाद निपाह वायरस भी अब भारत में तेजी से पैर पसार रहा है। पश्चिम बंगाल में निपाह वायरस से मौत का पहला मामला दर्ज किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कई दिनों के इलाज के बाद 25 साल की एक महिला नर्स की निपाह संक्रमण के कारण जान चली गई है। पश्चिम बंगाल में हाल ही के समय में यह निपाह से जुड़ी पहली मृत्यु बताई जा रही है।
पिछले महीने में निपाह संक्रमण के दो मामले सामने आए थे, जिनमें एक मरीज यही महिला नर्स थीं। दोनों संक्रमित- एक पुरुष और एक महिला नर्स- नॉर्थ 24 परगना जिले के बारासात स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। पुरुष नर्स इलाज के बाद स्वस्थ होकर अस्पताल से छुट्टी पा चुके थे, लेकिन महिला नर्स की हालत में लगातार गिरावट बनी रही।
गंभीर स्थिति को देखते हुए महिला को कई दिनों तक ICU में रखा गया था। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही थी। दोबारा जांच में उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई, लेकिन स्वास्थ्य में कोई खास सुधार नहीं हुआ। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, इलाज के दौरान उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके बाद उनका निधन हो गया। बताया जा रहा है कि संक्रमण के बाद से ही उनकी हालत बेहद नाजुक थी।
निपाह वायरस क्या है?
निपाह वायरस (NiV) एक जूनोटिक संक्रमण है, जो जानवरों से मनुष्यों में फैलता है। यह वायरस संक्रमित जानवरों, दूषित खाद्य पदार्थों या संक्रमित व्यक्ति के संपर्क से फैल सकता है। इसके लक्षण सामान्य बुखार और सांस संबंधी दिक्कतों से लेकर गंभीर दिमागी सूजन (एन्सेफलाइटिस) तक हो सकते हैं, जो कई मामलों में घातक साबित होती है।यह वायरस सूअरों जैसे जानवरों में भी गंभीर बीमारी फैलाता है, जिससे पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
pushpendra 
