भोपाल:ईरानी डेरे से 1 करोड़ का सोना जब्त, आधी रात 400 पुलिसकर्मियों ने एक साथ दी दबिश
कार्रवाई में 31 पुरुष और 8 महिलाओं सहित 39 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पूरे शहर में चलाए गए अभियान में 283 स्थाई वारंटी और 125 गिरफ्तारी वारंटी सहित कुल 408 आरोपियों को पकड़ा गया है।
भोपाल। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात पुलिस ने बड़े स्तर पर कॉम्बिंग गश्त और छापेमार कार्रवाई करते हुए शहरभर में फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान करीब 400 पुलिसकर्मियों की टीम ने रात करीब दो बजे ईरानी डेरे पर एक साथ दबिश दी। कार्रवाई में 31 पुरुष और 8 महिलाओं सहित कुल 39 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से 644.56 ग्राम सोना, जिसकी कीमत लगभग 1 करोड़ रुपए बताई जा रही है, जब्त किया।
इसके अलावा 240 ग्राम चांदी के आभूषण, 17 दोपहिया वाहन, 39 मोबाइल फोन (करीब 8 लाख रुपए कीमत), 1 लाख 35 हजार रुपए नकद और 1 किलो 700 ग्राम गांजा भी बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपी चोरी, नकबजनी, चेन स्नेचिंग, वाहन चोरी और लूट जैसी वारदातों में लंबे समय से फरार थे।
पूरे शहर में चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान 283 स्थाई वारंटी और 125 गिरफ्तारी वारंटी सहित कुल 408 आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ईरानी गैंग का सरगना राजू ईरानी पहले ही गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया जा चुका है। उस पर चोरी और लूट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
जांच में सामने आया है कि यह गिरोह केवल मध्य प्रदेश ही नहीं, बल्कि महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान सहित छह राज्यों में सक्रिय रहा है। इससे पहले 31 दिसंबर 2025 को अमन कॉलोनी में भी पुलिस ने दबिश देकर गिरोह के कई सदस्यों को गिरफ्तार किया था और लूट का सामान तथा अवैध हथियार बरामद किए थे। पुलिस का कहना है कि शहर में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
Varsha Shrivastava 
