MP में आज खुलेगा बैंक:कल से तीन दिन की हड़ताल पर रहेंगे 40 हजार से ज्यादा कर्मचारी

मध्यप्रदेश के 40 हजार बैंककर्मी 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल पर रहने वाले हैं। इस दौरान कैश, चेक और लोन से जुड़े काम अटकेंगे। वहीं आज रविवार 27 सितंबर को बैंक खुले हैं, ग्राहक जरुरी काम आज ही निपटा लें।  

MP में आज खुलेगा बैंक:कल से तीन दिन की हड़ताल पर रहेंगे 40 हजार से ज्यादा कर्मचारी

अगर आपका बैंक से जुड़ा कोई भी जरूरी काम अटका हुआ है, तो उसे तुरंत निपटा लीजिए। 5 डे वीक की मांग को लेकर मध्य प्रदेश के करीब 40 हजार बैंक कर्मचारी 28 सितंबर से हड़ताल पर जा रहे हैं। यह हड़ताल 28, 29 और 30 सितंबर यानी पूरे तीन दिन चलेगी। इन तीन दिनों में बैंकों की शाखाओं में ताले लटक सकते हैं। आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

आज बैंक खुले हैं, तुरंत निपटाएं जरूरी काम

जनता की इसी परेशानी को देखते हुए रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने रविवार को बैंक शाखाएं और करेंसी चेस्ट खोलने की मंजूरी दी है। ताकि एटीएम (ATM) में पर्याप्त कैश भरा जा सके और लोग अपने जरुरी लेन-देन पूरे कर सकें। शाखाओं में स्केल-3 तक के कर्मचारी और अधिकारी हड़ताल में रहेंगे। हालांकि स्केल-4 और उससे ऊपर के बड़े अधिकारी दफ्तर जरूर आएंगे, लेकिन बिना स्टाफ के वे ग्राहकों को सामान्य सेवाएं नहीं दे सकेंगे।

हड़ताल के दौरान कौन से काम अटकेंगे

हड़ताल के इन तीन दिनों में बैंक शाखाओं के भीतर होने वाले कई जरुरी काम रुक जाएंगे।

कैश जमा करने और बड़ी रकम निकालने में दिक्कत आएगी।

चेक जमा करने और क्लियरेंस की प्रक्रिया में देरी होगी।

नया बैंक खाता खोलने में केवाईसी और वेरिफिकेशन अटक सकता है।

डिमांड ड्राफ्ट (DD) और बैंकर्स चेक जारी करने का काम प्रभावित होगा।

लॉकर खोलने की सुविधा शाखाएं बंद रहने तक नहीं मिल पाएगी।

नॉमिनी जोड़ने या बदलने और मृतक के खाते से जुड़े दस्तावेजी काम रुक सकते हैं।

लोन से जुड़े दस्तावेज और वेरिफिकेशन की गति धीमी पड़ जाएगी।

जो सेवाएं सुचारू रूप से चलती रहेंगी

एटीएम और एडीडब्ल्यूएम (ATM / ADWM) से नकदी निकालने की सुविधा जारी रहेगी।

ऑनलाइन यूपीआई (UPI) पेमेंट सामान्य रूप से चलेंगे।

इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग (जैसे YONO ऐप) काम करती रहेंगी।

आवश्यक लेन-देन के लिए ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) खुले रहेंगे।

मध्य प्रदेश में 7 हजार शाखाओं पर असर

बता दें कि मध्य प्रदेश में रोजाना लगभग 5500 करोड़ रुपए का बैंकिंग लेन-देन होता है। इस बैंक हड़ताल से प्रदेश की करीब 7 हजार शाखाओं में काम ठप रहने का अंदेशा है। इनमें अकेले भोपाल की 400, इंदौर की 800 और उज्जैन की 300 बैंक शाखाएं शामिल हैं।

गौर करने वाली बात यह भी है कि इसी महीने 11, 12 और 13 सितंबर को भी हड़ताल और छुट्टियों के चलते बैंक सेवाएं बंद रही थीं। अब महीने के आखिर में फिर से कामकाज ठप होने जा रहा है। बैंकों ने अपने ग्राहकों को पहले ही मैसेज भेजकर आगाह कर दिया है कि वे हड़ताल से पहले ही अपने जरूरी चेक और ड्राफ्ट क्लीयर करवा लें।

आखिर क्या है 5-डे बैंकिंग की मांग?

फिलहाल देश के बैंकों में हर रविवार के अलावा महीने के दूसरे और चौथे शनिवार को ही अवकाश रहता है। पहले, तीसरे और पांचवें शनिवार को बैंक खुले रहते हैं।

बैंक यूनियनों की मुख्य मांगें इस प्रकार हैं...

हर शनिवार को छुट्टी मिले: कर्मचारियों की मांग है कि सभी शनिवार और रविवार को साप्ताहिक अवकाश घोषित किया जाए।

रोजाना 40 मिनट ज्यादा कामः शनिवार की छुट्टी की भरपाई के लिए कर्मचारियों ने प्रस्ताव दिया है कि वे सोमवार से शुक्रवार तक हर रोज 40 मिनट ज्यादा काम करने को तैयार हैं। इससे काम के कुल घंटों का संतुलन भी नहीं बिगड़ेगा।

लंबित मुद्दों का समाधानः यूनियनों का कहना है कि 8 मार्च 2024 को हुए समझौते के समय कई मुद्दों का हल नहीं निकला था। इसके बाद मार्च 2025 और जनवरी 2026 के स्ट्राइक नोटिस में भी मांगें उठाई गई, लेकिन सरकार और बैंक प्रबंधन ने इनका कोई पक्का समाधान नहीं निकाला। इसी वजह से कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता चुनना पड़ा है।

हड़ताल में शामिल प्रमुख संगठन

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के को-ऑर्डिनेटर वीके शर्मा के मुताबिक, इस हड़ताल में कई बड़े बैंक संगठन शामिल हैं...

ऑल इंडिया बैंक एम्पलाइज एसोसिएशन (AIBEA)

ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कॉन्फेडरेशन (AIBOC)

नेशनल कॉन्फेडरेशन ऑफ बैंक एम्प्लॉइज (NCBE)

ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (AIBOA)

बैंक एम्प्लॉइज फेडरेशन ऑफ इंडिया (BEFI)

इंडियन नेशनल बैंक ऑफिसर्स कांग्रेस (INBOC)

इंडियन नेशनल बैंक एम्प्लॉइज फेडरेशन (INBEF)