मऊगंज में वृद्ध किसान पर मधुमक्खियों ने किया हमला, हालत गंभीर

मऊगंज में खेत में काम कर रहे 60 वर्षीय किसान पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया, जिसके बाद उन्होंने अपनी जान बचाने के लिए नदी में छलांग लगाई। घायल किसान को परिवार के द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

मऊगंज में वृद्ध किसान पर मधुमक्खियों ने किया हमला, हालत गंभीर
google

मऊगंज के नईगढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत खेत में काम कर रहे एक वृद्ध किसान पर मधुमक्खियों ने अचानक हमला कर दिया। इस दौरान मधुमक्खियों से जान बचाने के लिए किसान नदी में कूद गया। मधुमक्खियों के हमले से गंभीर रूप से घायल वृद्ध को परिवार के लोगों द्वारा उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नईगढ़ी में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की देखरेख में वृद्ध का इलाज जारी है।

घटी घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत मौलिया गांव में सोमवार सुबह खेत में सरसों और गेहूं की कटाई कर रहे 60 वर्षीय किसान बाल्मीकि गोस्वामी पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। बताया गया है कि खेत के पास स्थित आम के पेड़ पर मधुमक्खियों का डेरा था, जहां से अचानक झुंड निकलकर किसान पर टूट पड़ा।

अचानक हुए इस हमले से घबराए वृद्ध किसान ने अपनी जान बचाने के लिए पास स्थित नदी में छलांग लगा दी। किसी तरह उन्होंने खुद को बचाया, लेकिन तब तक मधुमक्खियों के डंक से गंभीर रूप से घायल हो गए, और देखते ही देखते घायल किसान की हालत कुछ इस कदर बिगड़ी कि वह बेहोश हो गया।

परिजनों द्वारा गंभीर हालत में किसान को उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया।मधुमक्खियों के हमले से घायल किसान के पुत्र विकेश गोस्वामी ने बताया कि उसके पिता पर मधुमक्खियों ने अचानक हमला कर दिया, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। वहीं ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. आरके पाठक ने कहा कि मधुमक्खियों के हमले से घायल वृद्ध को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनका उपचार किया जा रहा है।