CM का ऐलान- इसी महीने आएगा UCC, भोपाल में 173 एकड़ में बनेगा स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का शिलान्यास, IT-AI समेत कई सेक्टर की कंपनियां आएंगी, 15 हजार से ज्यादा लोगों को मिलेगा रोजगार

CM का ऐलान- इसी महीने आएगा UCC, भोपाल में 173 एकड़ में बनेगा स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क

भोपाल। राजधानी में औद्योगिक विकास को नई गति देते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 6 जुलाई सोमवार को सतगढ़ी, कोलार रोड क्षेत्र में बनने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का भूमि-पूजन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर देश-प्रदेश के 200 से अधिक उद्योगपति, निवेशक और उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। यह कार्यक्रम डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया, जिन्हें भारत के पहले उद्योग एवं आपूर्ति मंत्री के रूप में भी जाना जाता है। 

इसी महीने आएगा यूनिफॉर्म सिविल कोड

इस दौरान सीएम ने ऐलान किया कि मध्य प्रदेश में यूसीसी इसी महीने लागू होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इसी महीने यूनिफॉर्म सिविल कोड आएगा। हिंदू भाई एक शादी करता है और सात फेरे लेता है, तो सभी के लिए ऐसा ही कानून होना चाहिए। कांग्रेस फिर दावा करेगी कि यह कानून किसी धर्म विशेष के खिलाफ है, लेकिन उन्हें याद रखना चाहिए कि एक समान नागरिक संहिता हर हाल में लागू की जाएगी। इसलिए प्रदेश की जनता से राय ली गई है और 10 लाख से अधिक सुझाव भी मिले हैं। हम चाहते तो सीधे विधानसभा में कानून ला सकते थे, लेकिन जनता की राय के आधार पर फैसला कर रहे हैं। 

173 एकड़ में विकसित होगा आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र

यह स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क करीब 173 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। इसे ‘वर्क-लिव-ग्रो’ मॉडल पर तैयार किया जा रहा है, जिसके तहत उद्योगों के साथ-साथ कर्मचारियों के रहने, कौशल विकास, नवाचार और आवश्यक सुविधाओं का भी समावेश होगा। सरकार का मानना है कि इस मॉडल से निवेशकों को बेहतर औद्योगिक वातावरण मिलेगा और उत्पादन क्षमता में वृद्धि होगी।

आईटी, एआई और हाई-टेक सेक्टर पर रहेगा फोकस

इस औद्योगिक क्षेत्र में हाई वैल्यू मैन्युफैक्चरिंग, गारमेंट, टॉयज, लॉजिस्टिक्स, आईटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा। आधुनिक तकनीक और नवाचार से जुड़े उद्योगों के आने से भोपाल को एक नए औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है।

15 हजार से अधिक रोजगार के अवसर

सरकार के अनुसार इस परियोजना से लगभग 15 हजार से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की संभावना है। इससे भोपाल और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। साथ ही स्थानीय व्यापार, सेवा क्षेत्र और सप्लाई चेन को भी मजबूती मिलेगी।

10 हजार क्षमता वाला कन्वेंशन सेंटर भी होगा

परियोजना के अंतर्गत लगभग 25 एकड़ क्षेत्र में एक विश्वस्तरीय कन्वेंशन और एग्जिबिशन सेंटर भी विकसित किया जाएगा। इसकी क्षमता 10 हजार से अधिक लोगों की होगी। यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के निवेश सम्मेलन, व्यापार मेले और औद्योगिक प्रदर्शनियां आयोजित की जा सकेंगी, जिससे मध्यप्रदेश में निवेश को और बढ़ावा मिलेगा।