हाई कोर्ट आदेश के बाद रणवीर सिंह ने चामुंडेश्वरी मंदिर में की पूजा, हाल ही में एक्टर पर FWICE ने लगाया है बैन

रणवीर सिंह मैसूर के चामुंडेश्वरी मंदिर पहुंचे और आम श्रद्धालु की तरह पूजा-अर्चना की। यह दौरा कर्नाटक हाई कोर्ट के आदेश के बाद हुआ, जिसमें ‘कांतारा’ मिमिक्री केस में उन्हें मंदिर जाने को कहा गया था।

हाई कोर्ट आदेश के बाद रणवीर सिंह ने चामुंडेश्वरी मंदिर में की पूजा, हाल ही में एक्टर पर FWICE ने लगाया है बैन

बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह 26 मई को मैसूर में स्थित चामुंडेश्वरी मंदिर पहुंचे और वहां उन्होंने पूजा-अर्चना की। यह दौरा कर्नाटक हाई कोर्ट के आदेश के बाद हुआ, जिसमें उनके खिलाफ ‘कांतारा’ फिल्म के दैवा सीन की मिमिक्री केस में चार हफ्ते के अंदर मंदिर जाकर दर्शन करने को कहा गया था। एक्टर का यह मंदिर दौरा इसलिए भी और सुर्खियों में आ गया क्योंकि हाल ही में फिल्म फेडरेशन FWICE ने भी डॉन 3 विवाद में एक बड़ा फैसला लेते हुए उन पर बैन लगा दिया है।

आम श्रद्धालु की तरह  किए दर्शन

रणवीर सिंह मंगलवार सुबह मैसूर पहुंचे और चामुंडेश्वरी मंदिर में आम श्रद्धालु की तरह दर्शन किए। बताया जा रहा है कि उन्होंने किसी भी तरह की वीआईपी सुविधा नहीं ली और सीधे लाइन में लगकर मंदिर में प्रवेश किया। सुबह उन्हें मुंबई एयरपोर्ट पर भी देखा गया था, जिसके बाद वे मैसूर के लिए रवाना हुए।

मंदिर में प्रवेश के दौरान उन्होंने मास्क पहन रखा था, जिसे गर्भगृह के पास पहुंचने पर हटा दिया। रणवीर बिना किसी पूजा सामग्री के साधारण तरीके से मंदिर पहुंचे और वहां शांत होकर देवी के सामने प्रार्थना की।

इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल से शुरू हुआ विवाद

पूरा मामला पिछले साल 30 नवंबर 2025 को गोवा में आयोजित हुए इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल से शुरू हुआ था। जहां रणवीर सिंह ने फिल्म ‘कांतारा’ के एक मशहूर दैवा सीन की मिमिक्री की थी, जिसमें फिल्म के डायरेक्टर और लीड एक्टर ऋषभ शेट्टी नजर आए थे।

यह वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर आया, कई लोगों और खासकर कन्नड़ समुदाय में नाराजगी फैल गई। लोगों का कहना था कि इस सीन का मजाक उड़ाया गया है, जिससे उनकी भावनाओं को ठेस पहुंची । इसके बाद इस विवाद को लेकर कर्नाटक में रणवीर सिंह के खिलाफ शिकायत और एफआईआर दर्ज कराई गई।

हाई कोर्ट ने  मंदिर जाने का आदेश दिया

एफआईआर दर्ज होने के बाद रणवीर सिंह ने राहत पाने के लिए कर्नाटक हाई कोर्ट का सहारा लिया। कोर्ट ने पहले उनके खिलाफ किसी भी तरह की सख्त कार्रवाई पर रोक लगा दी थी। इसके बाद अप्रैल में रणवीर ने कोर्ट में एक नया हलफनामा दिया और बिना शर्त माफी मांगी।

उन्होंने सोशल मीडिया पर भी सफाई दी थी कि उनका मकसद सिर्फ ऋषभ शेट्टी की एक्टिंग की तारीफ करना था, किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि वे सभी संस्कृतियों का सम्मान करते हैं। कोर्ट ने मामले को आगे बढ़ाने के बजाय इसे बंद करने की तरफ इशारा किया और साथ ही रणवीर को मंदिर जाकर दर्शन करने का निर्देश दिया।

हाल ही में रणवीर पर लगा है बैन

रणवीर सिंह का यह मंदिर दौरा ऐसे समय में हुआ है जब वह एक और विवाद को लेकर चर्चा में हैं। 25 मई को ही फिल्म फेडरेशन FWICE ने उनके खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन निर्देश जारी किया था। आरोप है कि उन्होंने फिल्म ‘डॉन 3’ प्रोजेक्ट से अचानक दूरी बना ली। जिससे मेकर्स और डायरेक्टर फरहान अख्तर को बड़ा नुकसान हुआ। 

बताया जा रहा है कि यह नुकसान करीब 45 करोड़ रुपये तक हो सकता है। इसी फैसले के अगले ही दिन रणवीर सिंह मैसूर पहुंचे और चामुंडेश्वरी मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना की।