भोपाल AIIMS के सामने निर्माणाधीन बिल्डिंग का छज्जा गिरा, 8 लोग हुए घायल

राजधानी भोपाल में AIIMS के सामने एक निर्माणाधीन निजी बिल्डिंग का छज्जा गिर गया। हादसे में नीचे खड़े करीब 8 लोग घायल हो गए।

भोपाल AIIMS के सामने निर्माणाधीन बिल्डिंग का छज्जा गिरा, 8 लोग हुए घायल

भोपाल। AIIMS Bhopal के सामने शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां स्थित सदना मेडिकल स्टोर की निर्माणाधीन इमारत का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में आकर करीब 8 लोग घायल हो गए। हादसे के वक्त कई लोग मेडिकल स्टोर के बाहर खड़े थे और कुछ लोग दवाइयां लेने पहुंचे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छज्जा अचानक गिरा जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मलबे में दबे लोगों को स्थानीय लोगों और मौजूद लोगों ने तुरंत बाहर निकाला। हादसे में एक महिला और एक बच्ची को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत एम्स भोपाल में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों का भी इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि यह इमारत करीब 35 साल पुरानी है, जिसके ऊपर अतिरिक्त मंजिलों का निर्माण किया जा रहा था। निर्माण के दौरान निकला हुआ छज्जा काफी बाहर तक फैला हुआ था, जो गिरकर नीचे बने शेड पर आ गिरा। इससे शेड भी ढह गया और नीचे खड़े लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे में तीन गाड़ियां भी मलबे में दब गईं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि भवन का कुछ हिस्सा अवैध रूप से बनाया जा रहा था। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र में भीड़ जुट गई और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गया।