इंदौर: कार के अंदर जिंदा जला 4 साल का मासूम, कार का शीशा तोड़कर बाहर निकाला शव

इंदौर के महू स्थित सिमरोल थाना क्षेत्र में कार में अचानक आग लगने से हुआ बड़ा हादसा। कार में बैठा 4 साल का मासूम चिराग की जलने से दर्दनाक मौत।

इंदौर: कार के अंदर जिंदा जला 4 साल का मासूम, कार का शीशा तोड़कर बाहर निकाला शव

इंदौर के महू स्थित सिमरोल थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें 4 साल का बच्चा चिराग कार में जिंदा जल गया। चिराग अपने पिता संजय बढ़िया के साथ घूमने निकला था। पिता पेशे से मैकेनिक हैं और उसी समय कार के पास डीजे गाड़ी की मरम्मत कर रहे थे।

आरोप है कि पिता ने थोड़ी देर के लिए बच्चे को कार में अकेला छोड़ दिया। तभी अचानक कार में आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। कार के दरवाजे और खिड़कियां बंद होने के कारण बच्चा बाहर नहीं निकल सका।

आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल गई कि कोई पास नहीं जा सका। लोग पानी और मिट्टी डालकर आग को काबू में लाने की कोशिश कर रहे थे। जब फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंचे, तब तक बच्चा पूरी तरह जल चुका था। पुलिस ने कार का कांच तोड़कर बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

सिमरोल थाना प्रभारी कुलदीप खत्री ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और आग लगने के कारणों की पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद पिता संजय बढ़िया मानसिक रूप से पूरी तरह टूट गए हैं और फिलहाल उनसे बात करना संभव नहीं है।