रीवा-बनारस हाईवे पर भीषण हादसा: ट्रेलर से टकराईं दो बाइक, 3 की मौत, 2 घायल

मऊगंज के रीवा-बनारस हाईवे पर खड़े ट्रेलर ट्रक से टकराने पर दो बाइकों में सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक पर सवार दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए रीवा रेफर किया गया।

रीवा-बनारस हाईवे पर भीषण हादसा: ट्रेलर से टकराईं दो बाइक, 3 की मौत, 2 घायल
google

मऊगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले नेशनल हाईवे रीवा-बनारस मार्ग पर पन्नी पथरिया गांव के पास मंगलवार की दोपहर घटित भीषण सड़क हादसे में ट्रेलर ट्रक से एक के बाद एक दो बाइकों के टकरा जाने से एक बाइक में सवार तीन युवकों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, वहीं दूसरी बाइक में सवार दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।हाईवे पर घटित भीषण सड़क दुर्घटना के बाद सड़क पर लाशें बिछ गईं। पूरा मार्ग खून से लाल हो गया।

बताया गया है कि पल्सर 220 बाइक पर सवार तीन युवक तेज रफ्तार में बाइक चलाते हुए मोबाइल से रील बनाते समय खड़े ट्रेलर ट्रक क्रमांक यूपी 72 एटी 3775 से टकरा जाने से बाइक सवार हेमराज कोल पिता आलेख कोल उम्र 18 वर्ष, आशीष कोल पिता अगनू कोल उम्र 21 वर्ष एवं शुभम कोल पिता छठिलाल कोल उम्र 20 वर्ष, तीनों निवासी ग्राम बेला परमसुख थाना लौर जिला मऊगंज की दुर्घटना स्थल पर ही मौत हो गई।

वहीं पीछे से आ रही दूसरी टीवीएस अपाचे बाइक भी असंतुलित होकर उसी ट्रेलर ट्रक से टकरा गई, जिसमें सवार प्रतीक द्विवेदी उम्र 17 वर्ष एवं प्रशांत द्विवेदी उम्र 20 वर्ष, दोनों के पिता प्रमोद द्विवेदी निवासी ग्राम पिपरा चितईपुरवा थाना लौर जिला मऊगंज, गंभीर रूप से घायल हो गए।

भीषण सड़क हादसे की सूचना मिलते ही मऊगंज थाना प्रभारी निरीक्षक रीना सिंह टीम के साथ दुर्घटना स्थल पर पहुँचीं और घायलों को सिविल अस्पताल मऊगंज भेजा गया, जहां दोनों की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद संजय गांधी अस्पताल रीवा के लिए रेफर कर दिया। वहीं मृतकों के शव को पोस्टमार्टम उपरांत परिजनों को सौंप दिया गया है और पुलिस ने ट्रेलर ट्रक को जब्त कर लिया है।

देवतालाब विधायक पहुंचे अस्पताल

भीषण सड़क दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं देवतालाब विधायक गिरीश गौतम तत्काल सिविल अस्पताल मऊगंज पहुंचे, जहां घायलों को बेहतर इलाज हेतु संजय गांधी अस्पताल भिजवाया गया। वहीं मृतक युवकों के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए ढांढस बंधाया।