निर्माण कार्य के दौरान श्रमिक की गिरकर मौत: परिजनों ने ट्रांसपोर्ट नगर में किया चक्काजाम
कमलेश साकेत की मौत पर बवाल, परिजनों ने नौकरी और आर्थिक मदद की मांग को लेकर रोका रास्ता
रीवा। जिले के ट्रांसपोर्ट नगर में उस वक्त वाहनों के पहिए थम गए जब बड़ी संख्या में कुछ लोगों ने सड़क पर ही धरना दे दिया। ये लोग अपने परिजन की मौत और सही जानकारी न मिलने से आक्रोशित थे। नाराज परिजनों की माने तो श्रमिक 4 अक्टूबर को दुर्घटना का शिकार हो गया और उसकी मौत हो गई, लेकिन इस बात की जानकारी उन्हें देर से मिली, यहां तक की मृतक का शव भी उन्हें नहीं सौंपा गया।
पूरा मामला चोरहटा थाना अंतर्गत का है। यहां रेलवे स्टेशन परिसर में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान श्रमिक कमलेश साकेत बिल्डिंग की रेलिंग बनाने के दौरान नीचे गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि ठेकेदार की लापरवाही के कारण यह घटना हुई है और उनसे घटना को छिपाया गया। इसी से नाराज परिजन ट्रांसपोर्ट नगर चौराहे पर पहुंचे और चका जाम कर दिया। परिजनों ने आर्थिक मदद के साथ ही एक नौकरी की मांग रखी है। इधर मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम द्वारा समझाइश देने और मांगो पर संज्ञान लेने के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और यातायात बहाल हो सका।
Varsha Shrivastava 
