MP-UP बॉर्डर के जंगल में संदिग्धों की तलाश, पुलिस ने की सर्चिंग
MP-UP सीमा से लगे जंगलों में हथियार लेकर घूम रहे संदिग्ध युवकों की तलाश में दोनों राज्यों की पुलिस ने सर्चिंग की। बटोही जंगल में छिपे होने की भी खबर मिली थी।
MP-UP सीमा से लगे जंगलों में कुछ संदिग्ध युवकों के हथियार लेकर घूमने की जानकारी मिलने के बाद दोनों राज्यों की पुलिस ने सर्चिंग की थी। सोमवार को MP और UP पुलिस की अलग-अलग टीमों ने सीमा से लगे जंगलों में कई घंटे तक तलाश की। इस दौरान पुलिस ने जंगल के आसपास रहने वाले ग्रामीणों, चरवाहों और खेतों में काम करने वाले किसानों से भी बात कर संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई।

तराई के जंगलों में डकैतों का दौर भले ही खत्म हो चुका है, लेकिन कभी-कभी कुछ स्थानीय युवक हथियार लेकर जंगल में घूमते है और छोटी-मोटी वारदातों को अंजाम देकर लोगों में डर का माहौल बनाते है। इसी तरह कुछ संदिग्ध युवकों के जंगल में घूमने की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस दोनों राज्यों की सीमा पर सक्रिय हुई।

UP के जंगलों में पहले से तलाश कर रही थी पुलिस
जानकारी के मुताबिक, UP के चित्रकूट जिले के मारकुंडी और मानिकपुर थाना क्षेत्र के जंगलों में पिछले कुछ दिनों से कुछ संदिग्ध युवकों की गतिविधियां सामने आई थीं। इन लोगों के छोटी-मोटी वारदातों में शामिल होने की बात भी सामने आई।इसके बाद पहाड़ी, मानिकपुर और मारकुंडी थाने की पुलिस ने मिलकर जंगल में तलाश शुरू की। पुलिस की सर्चिंग बढ़ने के बाद संदिग्ध युवकों के MP की तरफ आने की जानकारी मिली । इसके बाद उनके चित्रकूट यानी नयागांव थाना क्षेत्र के जंगल में छिपे होने का शक जताया गया था।

SP तक पहुंची जानकारी, MP पुलिस ने भी शुरू की तलाश
संदिग्ध युवकों के MP की सीमा में आने और उनके पास हथियार होने की जानकारी पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह तक पहुंची । इसके बाद उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए संदिग्धों की पहचान और तलाश के निर्देश दिए ।SP के निर्देश के बाद चित्रकूट थाना प्रभारी नीलेश तिवारी, धारकुंडी थाना प्रभारी विजय सिंह कुशवाह और मझगवां थाना प्रभारी आदित्य नारायण धुर्वे की अगुवाई में पुलिस की अलग-अलग टीमें जंगल में पहुंचे।पुलिस टीमों ने जंगल के अंदर कई इलाकों में तलाश की। इसके साथ ही जंगल के आसपास रहने वाले ग्रामीणों, चरवाहों और खेतों में काम करने वाले किसानों से भी जानकारी ली गई । पुलिस ने लोगों से कहा कि अगर उन्हें कोई अनजान या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।

बटोही जंगल में छिपे होने की मिली थी जानकारी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, UP की तरफ से आए कुछ संदिग्ध युवक चित्रकूट यानी नयागांव थाना क्षेत्र के बटोही जंगल में पिछले तीन दिनों से छिपे हुए थे। बताया गया था कि इन युवकों की पहचान और रिश्तेदारी आसपास के कुछ गांवों में है।इसी वजह से उन्हें आसपास के लोगों से खाना मिलने की बात भी सामने आई । सोमवार को जब पुलिस की टीम बटोही जंगल में पहुंची , तब संदिग्धों के वहां से पहाड़ी की तरफ निकल जाने की जानकारी मिली ।सूत्रों के मुताबिक, संदिग्ध युवकों की संख्या करीब पांच थी। ये सभी UP के मानिकपुर और मारकुंडी थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए है। उनके पास हथियार होने की भी जानकारी पुलिस को मिली।पुलिस ने MP-UP सीमा से लगे जंगलों में सर्चिंग कर संदिग्धों की तलाश की। हालांकि, इस दौरान पुलिस के हाथ कोई संदिग्ध नहीं लगा। मामले में पुलिस आसपास के गांवों और जंगल के रास्तों पर भी नजर रख रही है।
Anubhav Dubey 
