मध्य प्रदेश में 29 मार्च से तीन दिन तक बारिश का अनुमान: भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर समेत 40 जिलों में अलर्ट जारी
मध्य प्रदेश में 29 मार्च से एक मजबूत सिस्टम एक्टिव होने जा रहा है, जिसका असर 3 दिन तक रहेगा। भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर समेत लगभग 40 जिलों में बारिश का अलर्ट।
मध्य प्रदेश में 29 मार्च से एक स्ट्रांग वेदर सिस्टम एक्टिव होने जा रही है, जिसका असर तीन दिन तक रहेगा। मौसम विभाग ने भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर और अन्य संभागों के करीब 40 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। तेज हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुँच सकती है।
28 मार्च शनिवार को प्रदेश में गर्मी अधिक रहेगी। नर्मदापुरम में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है और लू जैसे हालात बने हुए हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, शुक्रवार को साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ की वजह से ग्वालियर, चंबल, रीवा, सागर और जबलपुर संभाग के कई जिलों में बादल छाए रहे और मौसम बदला हुआ नजर आया। यह सिस्टम शनिवार तक कमजोर होगा और गर्मी बढ़ने लगेगी।
इसके बाद 29 मार्च से नया सिस्टम सक्रिय होगा, जिसका सबसे ज्यादा असर 30 और 31 मार्च को दिखेगा। मौसम विभाग ने बताया कि इस दौरान भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग के लगभग 40 जिलों में बारिश हो सकती है। 29 मार्च को कुछ जिलों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है, जबकि 30 और 31 मार्च को तेज बारिश और आंधी देखने को मिल सकती है।
सतना के चित्रकूट में शुक्रवार शाम तेज आंधी और बारिश हुई, जिससे रामनवमी के आयोजन में बाधा आई। यहां 21 लाख दीप जलाने की तैयारी थी, लेकिन बारिश के कारण अधिकांश दीप बुझ गए और मंच को तिरपाल से ढकना पड़ा। मौसम विभाग ने लोगों को अलर्ट किया है कि वे 29 से 31 मार्च तक सुरक्षित रहें और तेज हवा, बारिश और संभावित आंधी के दौरान सावधानी बरतें।
Varsha Shrivastava 
