त्रिवेंद्रम-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के 2 कोच में लगी आग, 15 मिनट में बाहर निकाले गए 68 यात्री
कोटा के पास राजधानी एक्सप्रेस में लगी भीषण आग, रेलवे ने 15 मिनट में खाली कराया कोच, 68 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया बाहर
Indian Railways की Trivandrum–Hazrat Nizamuddin Rajdhani Express में रविवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कोटा मंडल में विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के पास ट्रेन के दो कोच में अचानक आग लग गई। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, त्रिवेंद्रम से दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस रविवार सुबह करीब 3:45 बजे Ratlam Junction से रवाना हुई थी। ट्रेन को सुबह 8:45 बजे Kota पहुंचना था। लेकिन राजस्थान में प्रवेश करने से पहले मध्य प्रदेश के विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के पास सुबह करीब 5:15 बजे एसी कोच B-1 में आग लग गई।

कुछ ही मिनटों में आग ने कोच के पीछे लगे सेकेंड लगेज-कम-गार्ड वैन को भी अपनी चपेट में ले लिया। लगेज वैन में रखा यात्रियों का सामान आग में जल गया। हालांकि उस कोच में कोई यात्री मौजूद नहीं था।
गार्ड की सूचना पर तुरंत रोकी गई ट्रेन
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, सबसे पहले ट्रेन के गार्ड ने धुआं और आग देखकर लोको पायलट को इसकी सूचना दी। इसके बाद ट्रेन को तुरंत रोका गया। रेलवे स्टाफ और कर्मचारियों ने तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। B-1 कोच में सवार 68 यात्रियों को करीब 15 मिनट के भीतर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आग तेजी से फैल रही थी, लेकिन समय पर कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा के तौर पर ट्रेन की बिजली सप्लाई काट दी। साथ ही प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग किया गया। आग बुझाने के लिए राहत और बचाव टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
दूसरे कोच में शिफ्ट किए गए यात्री
इस दौरान दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर रेल यातायात भी कुछ समय के लिए रोक दिया गया। हादसे की वजह से Mumbai–Jaipur Superfast Express को भी विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन पर रोका गया।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि आग प्रभावित कोच के यात्रियों को दूसरे डिब्बों में शिफ्ट किया गया। इसके बाद ट्रेन को करीब चार घंटे की देरी से सुबह 9 बजे कोटा के लिए रवाना किया गया। कोटा स्टेशन पर ट्रेन में अतिरिक्त कोच लगाने की तैयारी भी की गई, ताकि यात्रियों को आगे की यात्रा में परेशानी न हो।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
फिलहाल रेलवे ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर आग लगने के कारण साफ नहीं हो पाए हैं। रेलवे अधिकारी तकनीकी और अन्य सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने की असली वजह सामने आ सकेगी।

Varsha Shrivastava 
