CM डॉ. मोहन यादव और उनकी बहन के घर पर: चलेगा बुलडोजर

उज्जैन में सिंहस्थ-2028 को लेकर सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इसकी जद में आ रहे मकानों को प्रशासन तोड़ रहा है। सड़क चौड़ीकरण मार्ग में सीएम मोहन यादव का पैतृक घर और उनकी बहन का भी घर है। उज्जैन नगर निगम ने घर पर लाल निशान लगा दिया है।

CM डॉ. मोहन यादव और उनकी बहन के घर पर: चलेगा बुलडोजर

उज्जैन: सिंहस्थ-2028 को लेकर उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण का काम तेजी से चल रहा है। विस्तारीकरण मार्ग में आड़े आ रहे मकानों को तोड़ा जा रहा है। इस जद में सीएम डॉ. मोहन यादव का भी मकान आ गया है। उनके पैतृक मकान का कुछ हिस्सा टूटेगा। इसके साथ ही उनकी बहन कलावती यादव का मकान भी इस जद में है।

खजूर वाली मस्जिद से अब्दालपुरा तक चौड़ीकरण

दरअसल, उज्जैन के खजूर वाली मस्जिद से अब्दालपुरा, जीवाजीगंज थाना होते हुए गणेश चौक तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण होना है। यह मार्ग करीब 730 मीटर लंबा है इसे 15 मीटर चौड़ा किया जाना है। इस क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण की जद में 272 इमारतें आ रही हैं। इसमें सीएम मोहन यादव का पैतृक मकान और उनकी बड़ी बहन एवं नगर निगम सभापति कलावती यादव का घर भी शामिल है।

सीएम के घर पर लगाए लाल निशान

नगर निगम की टीम ने प्रभावित मकानों की नपती कर लाल निशान लगाए हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव के परिजनों का कहना है कि शहर के विकास और सिंहस्थ की तैयारियों को देखते हुए वे मकान के प्रभावित हिस्से को हटाने के लिए तैयार हैं।

दादा ने बनवाया था मकान

बताया जा रहा है कि सीएम मोहन यादव के दादा रामचंद्र यादव ने वर्ष 1974 में यह मकान बनवाया था। इसी मकान में उनके दोनों बेटे पूनमचंद्र यादव और शंकरलाल यादव समेत परिवार के सदस्यों का बचपन बीता। पूनमचंद्र यादव के पांच बच्चों में नंदलाल यादव, नारायण यादव, मुख्यमंत्री मोहन यादव, ग्यारसी बाई और नगर निगम सभापति कलावती यादव शामिल हैं।

अब यहां नहीं रहता है कोई

हालांकि इस घर में अभी कोई नहीं रह रहा है। परिवार के सदस्य दूसरी जगह रहते हैं। लेकिन उनका आना-जाना लगा रहता है। नगर निगम की कार्रवाई को लेकर परिवार को कोई एतराज नहीं है। निगम ने लाल निशान लगा दिए हैं, जल्द ही कार्रवाई शुरू हो जाएगी।

किसी के साथ भेदभाव नहीं हो रहा

नगर निगम सभापति कलावती यादव ने कहा कि खजूर वाली मस्जिद से गणेश चौक तक होने वाले सड़क चौड़ीकरण में उनका पैतृक मकान भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस इलाके में रहने वाले सभी लोग उनके परिवार जैसे हैं और किसी के साथ भाजपा-कांग्रेस या हिंदू-मुस्लिम के आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए। प्रभावित नागरिकों की समस्याओं को अधिकारियों से चर्चा कर दूर कराने का प्रयास किया जाएगा। सभी लोग सहयोग भी कर रहे है।

कोई एतराज नहीं

वहीं, भाजपा नगर महामंत्री जगदीश पांचाल ने भी बताया कि चौड़ीकरण की जद में उनका मकान आ रहा है। उन्होंने कहा कि उज्जैन में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए लोगों में ‘अतिथि देवो भव’ की भावना है, इसलिए उन्हें चौड़ीकरण से कोई आपत्ति नहीं है।