CM डॉ. मोहन यादव जयपुर में TiE ग्लोबल समिट-2026 में होंगे शामिल
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार, 5 जनवरी को जयपुर पर रहेंगे। जहां वे प्रदर्शनी एवं सम्मेलन केंद्र (JECC) में आयोजित राजस्थान डिजीफेस्ट–टीआईई ग्लोबल समिट-2026 में शामिल होंगे।
जयपुर: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार, 5 जनवरी को जयपुर पर रहेंगे। जहां वे प्रदर्शनी एवं सम्मेलन केंद्र (JECC) में आयोजित राजस्थान डिजीफेस्ट–टीआईई ग्लोबल समिट-2026 में शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे और राज्य की प्रौद्योगिकी एवं निवेश से जुड़ी दूरदृष्टि को राष्ट्रीय एवं वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करेंगे।
स्टार्टअप्स, इनोवेटर्स एवं उद्योग प्रतिनिधियों से संवाद
समिट में मुख्यमंत्री डॉ. यादव मध्यप्रदेश के प्राथमिकता प्राप्त प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की विस्तृत जानकारी वैश्विक निवेशकों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और स्टार्टअप इकोसिस्टम से जुड़े हितधारकों के साथ साझा करेंगे। वे इनोवेशन एक्सपो का भ्रमण करने के साथ-साथ मध्यप्रदेश पवेलियन का दौरा करेंगे और वहां मौजूद स्टार्टअप्स, इनोवेटर्स एवं उद्योग प्रतिनिधियों से सीधा संवाद भी करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सीईओ, निवेशकों और वैश्विक उद्योग प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठकें कर मध्यप्रदेश में रणनीतिक निवेश के अवसरों और दीर्घकालिक सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।
गौरतलब है कि टीआईई ग्लोबल समिट-2026 में मध्यप्रदेश का विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग सिल्वर स्टेट पार्टनर के रूप में सक्रिय भागीदारी कर रहा है। यह सहभागिता 27 नवंबर 2025 को आयोजित एमपी टेक ग्रोथ कॉन्क्लेव 2.0 के दौरान द इंडस एंटरप्रेन्योर्स (टीआईई) राजस्थान के साथ हुए समझौते के अनुरूप है।
समिट के माध्यम से मध्यप्रदेश अपनी नवस्थापित और प्रगतिशील नीतिगत व्यवस्था का प्रभावी प्रदर्शन करेगा, जो राज्य को अगली सेपीढ़ी की तकनीक, डिजिटल इनोवेशन और उच्च-मूल्य वाले रोजगार सृजन के लिए पसंदीदा गंतव्य बनाने की दिशा में केंद्रित है। साथ ही यह पहल भारत के टियर-2 शहरों में प्रौद्योगिकी पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के व्यापक दृष्टिकोण के अनुरूप है।
pushpendra 
