इंदौर में कीचड़ में बैठकर पार्षद-रहवासियों का प्रदर्शन, सड़क नहीं बनने पर निगम के खिलाफ मोर्चा

वार्ड 75 में सड़क की बदहाली पर अनोखा विरोध, कीचड़ में बैठे पार्षद कुणाल सोलंकी और रहवासी, भावना नगर-पालदा नाका की सड़क को लेकर निगम के खिलाफ मोर्चा

इंदौर में कीचड़ में बैठकर पार्षद-रहवासियों का प्रदर्शन, सड़क नहीं बनने पर निगम के खिलाफ मोर्चा

स्वच्छता में देशभर में पहचान बनाने वाले इंदौर में मूलभूत सुविधाओं की बदहाली की तस्वीर सामने आई है। वॉर्ड 75 के पालदा रोड स्थित भावना नगर कॉलोनी में जर्जर और कीचड़ भरी सड़क से परेशान रहवासियों ने कांग्रेस पार्षद कुणाल सोलंकी के साथ मोर्चा खोल दिया। पार्षद रहवासियों के साथ कीचड़ भरी सड़क पर ही धरने पर बैठ गए और नगर निगम से तत्काल सड़क सुधारने की मांग की।

पार्षद-रहवासियों ने कीचड़ में बैठकर जताया विरोध

दरअसल, भावनगर क्षेत्र के रह वासियों द्वारा पार्षद कुणाल सोलंकी से बदहाल सड़क को लेकर कई शिकायत की गई थी। जिसके बाद पार्षद क्षेत्र का दौरा करने पहुंचे और इसी दौरान रहवासियों के साथ कीचड़ भरी सड़क पर धरने पर बैठ गए और नगर निगम के अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए नारेबाजी करने लगे।

पार्षद कुणाल सोलंकी का आरोप है कि भावना नगर में मुख्य रूप से दलित और आदिवासी समाज के लोग निवास करते हैं, लेकिन लंबे समय से क्षेत्र की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। कई सालों तक निगम के जिम्मेदार अधिकारियों को पत्र लिखने और आवेदन देने के बाद सड़क का निर्माण कराया गया था। इसके बाद विधायक की अनुशंसा पर ड्रेनेज लाइन डालने के नाम पर बनी-बनाई सड़क को दोबारा खोद दिया गया।

लंबे समय से सड़क खराब, शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं

पार्षद कुणाल सोलंकी के मुताबिक, नगर निगम के इंजीनियर हर्ष गहलोत से पिछले दो महीनों से सड़क को व्यवस्थित करने और खोदी गई ट्रेंच को भरने का आग्रह किया जा रहा है। इसके बावजूद अब तक सड़क पर गिट्टी तक नहीं डाली गई। बारिश के कारण पूरी सड़क कीचड़ में तब्दील हो गई है, जिससे वाहन चालकों, पैदल राहगीरों और स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

धरने के दौरान पार्षद ने नगर निगम प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक नगर निगम कमिश्नर या एडिशनल कमिश्नर मौके पर पहुंचकर सड़क की समस्या के तत्काल समाधान का ठोस आश्वासन नहीं देते, तब तक धरना जारी रहेगा। रहवासियों ने भी सड़क की तत्काल मरम्मत और ड्रेनेज कार्य के बाद खोदी गई सड़क को व्यवस्थित तरीके से बहाल करने की मांग की।