रीवा: SIR का निरीक्षण करने पहुंची कलेक्टर, BLO को दिए निर्देश

रीवा की कलेक्टर प्रतिभा पाल ने ग्राम पंचायत चोरगड़ी में वोटर लिस्ट के SIR का निरीक्षण किया। उन्होंने BLO को समय पर काम पूरा करने का निर्देश दिया।

रीवा: SIR का निरीक्षण करने पहुंची कलेक्टर, BLO को दिए निर्देश

रीवा जिले में वोटर लिस्ट के SIR का काम तेजी से चल रहा है। इसी प्रक्रिया का जायजा लेने कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी प्रतिभा पाल ग्राम पंचायत चोरगड़ी पहुचीं। उन्होंने मौके पर पहुंचकर मतदान से जुड़े वेरिफिकेशन वर्क की जानकारी ली और निर्देश दिया कि घर-घर बांटे गए फॉर्म्स समय पर इकट्ठे किए जाएं और वेरिफाइड वोटर्स की जानकारी तुरंत पोर्टल पर अपलोड की जाए।

इस बीच कलेक्टर ने BLO से ये भी जानकारी ली कि अब तक कितने फॉर्म्स बांटे गए हैं, कितने वापस मिल चुके हैं और कितनों का ऑनलाइन अपडेट हो चुका है?  उन्होंने साफ कहा कि निर्वाचन आयोग ने इस काम के लिए तय समय सीमा दी है, इसलिए BLO जरूरत पड़ने पर रोजगार सहायक या बाकी कर्मचारी की मदद लें ताकि काम समय पर पूरा हो सके।

कलेक्टर ने यह भी कहा कि 40 साल से ज्यादा उम्र वाले मतदाताओं के सत्यापन में ज्यादा कठिनाई नहीं होगी, और यदि कोई मतदाता घर न मिले तो परिवार के किसी सदस्य से साइन लेकर वेरिफिकेशन पूरा करें।

उन्होंने सुझाव दिया कि जहाँ जरूरत हो वहाँ वेरिफिकेशन कैम्प लगाकर प्रक्रिया पूरी करें और जो लोग बाहर रहते हैं उनके बारे में परिजनों से जानकारी लेकर उन्हें ऑनलाइन वेरिफिकेशन के लिए बताए। मृत और स्थायी रूप से पलायन कर चुके वोटर्स के नाम भी अलग किए जाएं।

अपने दौरे के बीच कलेक्टर ने मौजूद मतदाताओं से अपील की कि वे फॉर्म समय पर भरकर BLO को दें और अगर किसी को फॉर्म भरने में दिक्कत हो तो BLO उनकी मदद करें। निरीक्षण के दौरान SDM गुढ़ सुधाकर सिंह, तहसीलदार विनय मूर्ति मिश्रा और सीईओ रायपुर कर्चुलियान संजय सिंह भी मौजूद रहे।