सिंगरौली में 3 माह से खराब हैंडपंप, पानी के लिए परेशान स्कूली बच्चे
सिंगरौली के देवसर क्षेत्र स्थित सलहन टोला आदिवासी बस्ती के शासकीय स्कूल में करीब तीन माह से हैंडपंप खराब पड़ा है। ग्रामीणों ने पीएचई विभाग से तत्काल मरम्मत की मांग की है।
सिंगरौली। जनपद पंचायत देवसर अंतर्गत ग्राम पंचायत पुरवा के सलहन टोला आदिवासी बस्ती स्थित शासकीय स्कूल में पिछले करीब तीन माह से हैंडपंप खराब पड़ा है। इसके कारण स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को पेयजल के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी और उमस के बीच स्कूल में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था नहीं होने से बच्चों की दिनचर्या और पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि खराब हैंडपंप की शिकायत कई बार लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग के अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। हैंडपंप बंद होने के कारण स्कूली बच्चों के साथ ही स्थानीय ग्रामीणों को भी पानी के लिए दूर-दूर तक जाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल में पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बच्चों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। उन्होंने पीएचई विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि खराब हैंडपंप की तत्काल मरम्मत कराकर पेयजल व्यवस्था बहाल की जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे प्रशासन के समक्ष विरोध दर्ज कराने के लिए बाध्य होंगे।
Anubhav Dubey 
