धार्मिक नगरी देवतालाब में डायनामाइट से मचा हड़कंप,एक घर में मिली संदिग्ध सामग्री
धार्मिक नगरी देवतालाब में डायनामाइट से मचा हड़कंप,एक घर में मिली संदिग्ध सामग्री, बम स्क्वाड टीम ने लिया कब्जे में एफआईआर दर्ज, कई बिंदुओं पर जांच कर रही पुलिस
राजेंद्र पयासी-मऊगंज: धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र देवतालाब शिव मंदिर के पास एक घर में शुक्रवार को संदिग्ध विस्फोटक मिलने से हड़कंप मच गया। मंदिर और शिवकुंड से चंद कदम की दूरी पर बसी हरिजन बस्ती में एक घर के पीछे डायनामाइट जैसी विस्फोटक सामग्री मिलने की सूचना पर पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार देवतालाब शिव मंदिर के पीछे बस्ती में रहने वाले संगम लाल साकेत ने अपने घर के पीछे संदिग्ध वस्तु देखी। उन्हें डायनामाइट जैसी सामग्री होने का शक हुआ। उन्होंने बिना देर किए स्थानीय पुलिस को सूचना दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए मऊगंज एसडीओपी सचि पाठक पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने सबसे पहले पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया और आम लोगों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी। चूंकि घटनास्थल प्रसिद्ध शिव मंदिर और शिवकुंड के बेहद करीब है, इसलिए मामले को अत्यंत संवेदनशील माना गया। देवतालाब शिव मंदिर केवल मध्य प्रदेश ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश के सुदूर अंचलों तक के श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। यहां हर दिन सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

रीवा से बुलाई गई बम स्क्वॉड टीम
स्थानीय पुलिस ने हालात की गंभीरता देखते हुए रीवा से विशेष बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वायड टीम को तुरंत बुलाया। टीम ने विशेष सुरक्षा उपकरणों के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के बाद संदिग्ध सामग्री को अत्यधिक सावधानी के साथ जब्त कर लिया गया। बम स्क्वॉड टीम ने बताया कि बरामद सामग्री को वैज्ञानिक परीक्षण के लिए फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी भेजा जा रहा है। एफएसएल रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद वस्तु वास्तव में विस्फोटक है या नहीं। साथ ही उसकी प्रकृति और क्षमता का भी पता चल सकेगा।
एसडीओपी ने कहा: जांच जारी, एफआईआर दर्ज
मामले पर मऊगंज एसडीओपी सचि पाठक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्यवाही की। घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया और संदिग्ध सामग्री को सुरक्षित जब्त कर लिया गया है। इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। कुछ संदेहियों से पूछताछ भी की जा रही है। घटनास्थल से मिले सभी साक्ष्यों को जांच में शामिल किया गया है। एसडीओपी सचि पाठक ने आश्वासन दिया कि एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह साफ होगी। यदि जांच में किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

इलाके में दहशत, उठ रहे कई सवाल
शिव मंदिर जैसे संवेदनशील धार्मिक स्थल के पास विस्फोटक मिलने की घटना के बाद पूरे इलाके में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोगों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर यह सामग्री वहां तक कैसे पहुंची। क्या इसे किसी आपराधिक गतिविधि के लिए छिपाकर रखा गया था या इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है। लोगों का कहना है कि देवतालाब की पहचान धार्मिक आस्था के केंद्र के रूप में है। ऐसे में यहां विस्फोटक मिलना चिंता का विषय है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ जांच में जुटी हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। घटना के बाद देवतालाब मंदिर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है, जिसके आधार पर आगे की कार्यवाही तय होगी।

