हेमंत खंडेलवाल ने महाकालेश्वर मंदिर में किया जाप, देशभर में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का आयोजन
श्री महाकालेश्वर मंदिर में शनिवार सुबह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल पहुंचे।इसके साथ ही उन्होंने सोमनाथ मंदिर में आयोजित स्वाभिमान पर्व के लिए जन सहभागिता के साथ पूजा-अर्चना की और फिर ओंकार का जाप किया।
उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में शनिवार सुबह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल पहुंचे। उन्होंने सुबह की दद्योदक आरती में शामिल होकर मंदिर के भक्तिपूर्ण माहौल का अनुभव किया। इसके साथ ही उन्होंने सोमनाथ मंदिर में आयोजित स्वाभिमान पर्व के लिए जन सहभागिता के साथ पूजा-अर्चना की और फिर ओंकार का जाप किया।

हेमंत खंडेलवाल ने महाकाल में किया जाप और पूजा
खंडेलवाल आज सुबह लगभग 7:45 बजे महाकाल मंदिर पहुंचे और दद्योदक आरती में सक्रिय रूप से भाग लिया। इसके बाद वे नंदी हॉल में बैठकर बाबा महाकाल का जाप करने लगे। पूजा के दौरान गर्भगृह की देहरी से पुष्प, दूध और जल पुजारी के माध्यम से भगवान महाकाल को अर्पित किए गए।
मंदिर प्रशासन ने किया प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत
दर्शन के पश्चात मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने हेमंत खंडेलवाल का स्वागत किया। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे, जिनमें भाजपा शहर अध्यक्ष संजय अग्रवाल और मुकेश यादव शामिल थे.इस धार्मिक आयोजन ने न केवल भक्तों के बीच उत्साह और श्रद्धा को बढ़ाया, बल्कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रमों के प्रति लोगों की जागरूकता और सहभागिता को भी उजागर किया।

देश की सुख समृद्धि के लिए महाकाल से मांगा आशीर्वाद
पूजन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि सोमनाथ मंदिर पर हुए हमले के एक हजार वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2026 को स्वाभिमान पर्व के रूप में मनाने का आह्वान किया है। इसके तहत देशभर के मंदिरों में जन सहभागिता के साथ पूजा, आरती और ओंकार जप का आयोजन किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि इस अभियान की शुरुआत महाकाल मंदिर से की गई है। आज भगवान महाकाल का पूजन कर ‘ॐ नमः शिवाय’ का जाप किया गया और देश की सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद मांगा गया है। खंडेलवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार से सोमनाथ हमले को लेकर विशेष अभियान की शुरुआत करेंगे।
sanjay patidar 
