सतना में प्राइवेट स्कूल टीचर ने जहर खाकर की आत्महत्या, सुसाइड नोट में 4 लोगों पर प्रताड़ना का आरोप

रामपुर बाघेलान में शिक्षक की मौत, गांव के ही 4 लोगों को ठहराया मौत का जिम्मेदार, सुसाइड नोट और धमकी भरी चैट से जांच तेज

सतना में प्राइवेट स्कूल टीचर ने जहर खाकर की आत्महत्या, सुसाइड नोट में 4 लोगों पर प्रताड़ना का आरोप

सतना। रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र के खेरिया गांव निवासी 25 साल के विपिन ने बुधवार को जहरीला पदार्थ खा लिया। विपिन को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के पास एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें उसने गांव के ही कुछ लोगों की प्रताड़ना के चलते आत्मघाती कदम उठाने की बात लिखी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, विपिन मिश्रा अपने गांव के ही एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाने के अलावा घर-घर जाकर ट्यूशन देने का काम कर रहे थे।

इतना ही नहीं टीचिंग के साथ वह अमरपाटन कॉलेज से उच्च शिक्षा भी ग्रहण कर रहे थे। बुधवार की सुबह परीक्षा देने के लिए वह गांव से अमरपाटन के लिए निकले, मगर कॉलेज पहुंचते ही उनकी तबीयत बिगड़ गई और उल्टियां होने लगीं। यह देखकर साथियों ने पीड़ित को सिविल अस्पताल पहुंचाने के साथ परिजनों को भी खबर कर दी। गंभीर हालत के चलते विपिन को अमरपाटन से जिला चिकित्सालय के लिए रेफर किया गया, मगर यहां पहुंचने के कुछ देर बाद ही उनकी सांसें थम गईं।

कपड़ों की तलाशी में मिला सुसाइड नोट 

प्रथम दृष्टया मौत की वजह स्पष्ट नहीं थी, जिसके चलते अस्पताल चौकी पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी कर रही थी। इस दौरान कपड़ों की तलाशी लेने पर एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें युवक ने गांव के ही 3-4 लोगों पर प्रताड़ना से आहत होकर खुदकुशी करने की बात लिखी थी। इतना ही नहीं मृतक के फोन की वाट्सएप चैट भी सामने आई, जिसमें एक व्यक्ति उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है।

इस बीच परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि मौत से दो दिन पहले गांव के ही कुछ लोग विपिन को बुलाकर अपने साथ ले गए और उसके साथ मारपीट की थी। जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर रामपुर बाघेलान थाना पहुंचे, जहां टीआई संदीप चतुर्वेदी ने जांच-पड़ताल के बाद कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद परिवार के लोग गांव लौट गए।