इंदौर क्राइम ब्रांच की बड़ी सफलता: 251 गुम मोबाइल बरामद, 60 लाख के फोन लौटाए गए

इंदौर क्राइम ब्रांच की टीम ने पिछले 2 महीनों में गुम हुए लगभग 251 मोबाइल फोनों को तकनीकी रूप से ट्रैक कर बरामद किया। जिनकी कुल कीमत करीब 60 लाख रुपये आंकी गई है।

इंदौर क्राइम ब्रांच की बड़ी सफलता: 251 गुम मोबाइल बरामद, 60 लाख के फोन लौटाए गए

इंदौर क्राइम ब्रांच की टीम ने एक बार फिर अपनी कार्रवाई से जनता का भरोसा मजबूत किया है। पुलिस कमिश्नर के निर्देशों के तहत चलाए गए विशेष अभियान में क्राइम ब्रांच ने पिछले दो महीनों के अंदर करीब 251 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 60 लाख रुपये आंकी गई है। बरामद किए गए इन मोबाइलों में iPhone, Samsung, Vivo और Google जैसे कई महंगे और लोकप्रिय ब्रांड शामिल हैं।

क्राइम ब्रांच की साइबर सेल ने यह कार्रवाई सिटीजन कॉप हेल्पडेस्क और विभिन्न थानों में दर्ज शिकायतों के आधार पर की। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और ट्रैकिंग सिस्टम की मदद से इन मोबाइलों को मध्य प्रदेश ही नहीं बल्कि महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और गुजरात जैसे अन्य राज्यों से भी बरामद किया। जांच में सामने आया कि कई मोबाइल लंबे समय से अलग-अलग लोगों द्वारा उपयोग किए जा रहे थे।

मोबाइल बरामद होने के बाद पुलिस ने सभी असली मालिकों को बुलाकर उनके फोन वापस सौंपे। अपने खोए हुए मोबाइल इतने समय बाद वापस पाकर कई लोग भावुक हो गए। कुछ मोबाइल धारकों ने बताया कि उन्होंने एक-दो साल पहले अपने फोन खो दिए थे और उन्हें उम्मीद भी नहीं थी कि वे कभी वापस मिलेंगे। वहीं शुरुआत में कुछ लोग पुलिस की कॉल को साइबर फ्रॉड समझकर आशंकित भी हो गए थे, लेकिन जब उन्हें पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

इस दौरान एक मोबाइल धारक शिल्पी जैन ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और कहा कि उन्हें अपना फोन वापस पाकर बहुत राहत मिली है। इंदौर क्राइम ब्रांच ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि गुम हुए मोबाइल फोन वापस मिल सकें और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस नागरिकों की शिकायतों पर गंभीरता से काम कर रही है और भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे, जिससे जनता का विश्वास पुलिस पर और मजबूत हो सके।