चलती बाइक पर पेड़ गिरा, युवक और युवती की मौत 2 की हालत गंभीर 

चलती बाइक पर भारी-भरकम पेड़ गिर जाने से एक युवक और एक युवती की मौत हो गई, जबकि दो लड़कियां गंभीर रूप से घायल हैं जिनका सिविल अस्पताल मैहर में इलाज जारी है

चलती बाइक पर पेड़ गिरा, युवक और युवती की मौत 2 की हालत गंभीर 

सतना: नादन-देहात थाना अंतर्गत बरहिया के पास चलती बाइक पर भारी-भरकम पेड़ गिर जाने से एक युवक और एक युवती की मौत हो गई, जबकि दो लड़कियां गंभीर रूप से घायल होकर सिविल अस्पताल मैहर में इलाजरत हैं। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कटनी जिले के रीठी थाना अंतर्गत ग्राम इम्लास निवासी अमित कुशवाहा पुत्र द्वारका प्रसाद 21 वर्ष, अपने ही परिवार की रागिनी पुत्री सूरज कुशवाहा 18 वर्ष, राधिका उर्फ पलक पुत्री गेंदलाल कुशवाहा 17 वर्ष और शिवानी पुत्री संतकुमार कुशवाहा 18 वर्ष, के साथ मंगलवार की दोपहर को बाइक से देवी दर्शन के लिए मैहर आ रहे थे, लेकिन रास्ता भटककर नादन-देहात थाना क्षेत्र के बरहिया गांव पहुंच गए, जहां कुछ लोग सडक़ किनारे लगे पेड़ को काटने के बाद नीचे गिराने के लिए ट्रैक्टर में बांधकर खींच रहे थे। इस दौरान जैसे ही बाइक सवार युवक-युवती सडक़ से निकलने लगे, तभी पेड़ टूटकर गाड़ी पर गिर गया, जिससे युवक और तीनों युवतियां नीचे दब गए। एक की मौके पर, दूसरे ने अस्पताल में दम तोड़ा

इस भीषण हादसे में रागिनी कुशवाहा की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन घायलों को ग्रामीणों ने किसी तरह बाहर निकालकर सिविल अस्पताल मैहर पहुंचाया, जहां उपचार के बीच अमित ने भी दम तोड़ दिया, वहीं राधिका और शिवानी की हालत गंभीर बनी हुई थी। भीषण हादसे की सूचना पुलिस ने मृतकों और घायलों के परिजनों तक पहुंचाई, तो लोग बदहवास हालत में आनन-फानन मैहर पहुंच गए। थाना प्रभारी पंचराज सिंह ने बताया कि बरहिया निवासी दीनदयाल साकेत के द्वारा पेड़ कटवाकर नीचे गिराने के लिए ट्रैक्टर से खींचा जा रहा था, इसी दौरान यह हादसा हो गया। इस मामले में जांच के उपरांत उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।