मोहर्रम को लेकर नईगढ़ी थाने में शांति समिति की बैठक संपन्न
मोहर्रम को लेकर नईगढ़ी थाना में शांति समिति की बैठक संपन्न,सौहार्द से त्यौहार मनाने की अपील
राजेंद्र पयासी- मऊगंज:आगामी मोहर्रम त्यौहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर नईगढ़ी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी गोविंद प्रसाद तिवारी ने की। बैठक में नईगढ़ी कस्बा एवं आसपास के क्षेत्रों से आए हिंदू-मुस्लिम समुदाय के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। थाना प्रभारी तिवारी ने त्यौहार के दौरान आने वाली संभावित कठिनाइयों पर आम लोगों से चर्चा की। उपस्थित लोगों ने मोहर्रम जुलूस के मार्ग, साफ-सफाई, पेयजल एवं बिजली व्यवस्था को लेकर अपने सुझाव व समस्याएं रखीं।

थाना प्रभारी ने भरोसा दिलाया कि प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा, हम सभी वर्षों से आपसी भाईचारे के साथ मोहर्रम मनाते आ रहे हैं। इस बार भी उसी परंपरा को कायम रखना है। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिजली, पानी और साफ-सफाई जैसे कार्य नगर प्रशासन की जिम्मेदारी है, जिसे प्राथमिकता पर पूरा कराया जाएगा। साथ ही कहा कि यदि किसी भी प्रकार की समस्या आती है तो तुरंत थाना या संबंधित विभाग को सूचित करें, उसका तत्काल निराकरण किया जाएगा।

थाना प्रभारी ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि मोहर्रम कुर्बानी और शहादत की याद दिलाने वाला पर्व है। इसे सभी हिंदू-मुस्लिम भाई मिलजुलकर, आपसी सद्भाव व भाईचारे के साथ मनाएं। बैठक में यह भी तय हुआ कि त्यौहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा। शांति समिति के सदस्यों से भी प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया गया।

