मुख्यमंत्री की विदेश यात्रा पर बोले मंत्री चेतन कश्यप, कहा– टेक्नोलॉजी और निवेश पर हुई अहम चर्चा

मंत्री चेतन कश्यप ने मुख्यमंत्री मोहन यादव की विदेश यात्रा को निवेश और टेक्नोलॉजी के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया और कहा कि मध्य प्रदेश डाटा सेंटर और निवेश के लिए बेहतर राज्य बन रहा है.

मुख्यमंत्री की विदेश यात्रा पर बोले मंत्री चेतन कश्यप, कहा– टेक्नोलॉजी और निवेश पर हुई अहम चर्चा

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री चेतन कश्यप ने मुख्यमंत्री मोहन यादव की हालिया विदेश यात्रा को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि इस यात्रा के दौरान कई महत्वपूर्ण टेक्नोलॉजी सेक्टर में गंभीर और सार्थक चर्चाएं हुई हैं, जिनका लाभ आने वाले समय में प्रदेश को मिलेगा.

मंत्री चेतन कश्यप ने कहा कि डाटा बेस्ड सेंटर के लिहाज से मध्य प्रदेश एक बेहतर राज्य के रूप में उभर रहा है. यहां संसाधन, भूमि उपलब्धता और अनुकूल वातावरण मौजूद है, जो निवेशकों को आकर्षित करता है. उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के कार्यकाल में निवेश को बढ़ावा देने के लिए बेहतर और प्रभावी नीतियां बनाई जा रही हैं, जिससे राज्य में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी.

मुख्य सचिव (CS) से जुड़े मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री कश्यप ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि ऐसा कोई बयान स्वयं मुख्य सचिव ने दिया होगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि वह उस कॉन्फ्रेंस में मौजूद नहीं थे, इसलिए यह कहना कठिन है कि संबंधित अधिकारी की बात को किस संदर्भ में और किस तरह से प्रस्तुत किया गया. इस विषय में मुख्य सचिव स्वयं ही बेहतर जानकारी दे सकते हैं.  

वहीं भोजशाला को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री चेतन कश्यप ने साफ कहा कि यह मामला न्यायालय में विचाराधीन रहा है और इस पर कोर्ट का फैसला आ चुका है। सरकार कोर्ट के फैसले के अनुरूप ही आगे की कार्रवाई करेगी।