Satna: बेतवा एक्सप्रेस में 63 लाख कैश के साथ 60 वर्षीय व्यक्ति पकड़ा

बेतवा एक्सप्रेस की चेकिंग के दौरान आरपीएफ ने 60 वर्षीय यात्री के पास से 63 लाख रुपये नकद बरामद किए। रकम सतना से कानपुर ले जाने की बात सामने आई है।

Satna: बेतवा एक्सप्रेस में 63 लाख कैश के साथ 60 वर्षीय व्यक्ति पकड़ा

Satna News: स्वतंत्रता दिवस से पहले रेलवे में चल रही संदिग्ध यात्रियों और सामान की जांच के दौरान आरपीएफ की टीम ने बेतवा एक्सप्रेस से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद की है। ट्रेन के बी-3 कोच में यात्रा कर रहे 60 वर्षीय व्यक्ति के पास से 63 लाख रुपये कैश मिला। रकम के संबंध में वह मौके पर कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।आरपीएफ ने प्रारंभिक पूछताछ के बाद मामले की जानकारी आयकर विभाग को दी और बरामद नकदी समेत व्यक्ति को आगे की जांच के लिए आयकर विभाग के हवाले कर दिया।

बी-3 कोच की सीट नंबर 19 पर मिला व्यक्ति

आरपीएफ के मुताबिक, 10 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे परिसर और ट्रेनों में संदिग्ध लोगों तथा सामान की जांच की जा रही थी। इसी दौरान ट्रेन नंबर 18203 बेतवा एक्सप्रेस की जांच की गई।चेकिंग के दौरान बी-3 कोच की सीट नंबर 19 पर बैठे एक यात्री की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। आरपीएफ टीम ने उसके सामान की तलाशी ली तो पिट्ठू बैग और एक अन्य थैले से बड़ी मात्रा में नकदी मिली।गिनती करने पर रकम 63 लाख रुपये निकली।पूछताछ में यात्री ने अपना नाम प्रीतम दास, पिता स्वर्गीय चेतन दास, उम्र 60 वर्ष बताया। वह सतना जिले के रघुराजनगर तहसील अंतर्गत कोलगवां थाना क्षेत्र के सिंधी कैंप का निवासी बताया गया है।

सतना से कानपुर पहुंचाने की बात कही

आरपीएफ की पूछताछ में प्रीतम दास ने बताया कि यह रकम उसे संजय उर्फ संजू नाम के व्यक्ति ने दी थी। उसके अनुसार उसे यह पैसा सतना से कानपुर पहुंचाना था।हालांकि, इतनी बड़ी रकम के संबंध में प्रीतम दास कोई वैध दस्तावेज या ऐसा प्रमाण नहीं दे सका, जिससे नकदी के स्रोत और उसके इस्तेमाल की पुष्टि हो सके।यही वजह है कि आरपीएफ ने मामले को आगे की जांच के लिए आयकर विभाग को सौंप दिया।

आयकर विभाग करेगा 63 लाख के स्रोत की जांच

नकदी बरामद होने के बाद आरपीएफ ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार किया। इसके बाद पूरे मामले की सूचना आयकर विभाग, बांदा के उपनिदेशक को दी गई।आरपीएफ ने बरामद 63 लाख रुपये और संबंधित व्यक्ति को नियमानुसार आयकर विभाग के सुपुर्द कर दिया है।अब जांच में यह पता लगाया जाएगा कि इतनी बड़ी रकम का स्रोत क्या है, पैसा किसका है और इसे सतना से कानपुर क्यों ले जाया जा रहा था। पूछताछ में सामने आए संजय उर्फ संजू के बारे में भी जानकारी जुटाई जा सकती है।फिलहाल मामले की जांच आयकर विभाग के स्तर पर जारी है। हवाला की रकम होने की बात अभी जांच का विषय है, इसलिए इसे लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।