फर्जी रजिस्ट्री से जमीन खरीदी : खरीदने वाले और गवाह गिरफ्तार, तीनों आरोपी भेजे जेल
Satna Land Fraud : पुलिस ने बताया कि, आरोपी शैलेन्द्र जमीन खरीदी- बिक्री का काम करता है। एक अन्य आरोपी सुरजीत जमीन बिक्री की दलाली करता था।
Satna Land Fraud : सतना। करोड़ोंं की बेशकीमती जमीन का राजस्व रिकार्ड कूटरचित दस्तावेज के जरिए बदलकर फर्जी रजिस्ट्री कर जमीन खरीदने और गवाही देने वाले तीन जालसाजों को पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे डाल दिया। इस मामले मे कुछ आरोपी फरार चल रहे हैं जिनकी तलाश पुलिस के द्वारा की जा रही है।
जबलपुर में निवास करती है पीड़िता
इस संबंध में नगर पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि निरुपमा गंगवानी पति टंडनदास उर्फ हरगुन दास निवासी जबलपुर के द्वारा 20 सितम्बर को कोलगवां थाना में शिकायत दर्ज कराई गई कि तहसील रघुराजनगर के आराजी नं. 290/1, 16/1 रकवा 0.0227 हैक्टेयर जमीन कोलगवां में स्थित है। बाहर रहने का फायदा उठाकर आरोपियों ने आपराधिक षड़यंत्र रचकर राजस्व रिकार्ड के कूटरचित दस्तावेज तैयार किए।
खसरे में बदल दिया नाम
निरुपमा ने बताया कि वर्ष 2006-07 में आरोपियों के द्वारा आपराधिक षड़यंत्र रचकर सरकारी राजस्व रिकार्ड खसरे मे कूटरचित दस्तावेज के जरिए नाम बदलकर निलयमा गंगवानी दर्ज करा दिया। इसके बाद जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए अज्ञात महिला को फर्जी भू स्वामी बनाकर संबंधित अधिकारी के समक्ष खड़ा किया गया। जमीन की असली मालकिन की जगह उस अज्ञात महिला की फोटो का इस्तेमाल कर ई- पंजीकरण के माध्यम से उक्त पैतृक जमीन की फर्जी रजिस्ट्री करा ली गई।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी ने आवेदन की जांच के उपरांत धारा 420, 467, 468, 471 एवं 120बी के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान करोड़ों की बेशकीमती भूमि की फर्जी रजिस्ट्री करवा जमीन खरीदने और गवाह समेत अन्य मामलों में संलिप्त आरोपियों को चिन्हित किया गया।
बुधवार को पुलिस टीम ने आरोपी शैलेन्द्र सिंह परिहार पिता तेजभान सिंह 48 वर्ष निवासी अयप्पा नगर बांधवगढ़ कालोनी, सुरजीत सिंह पिता सुरेन्द्र सिंह 45 वर्ष निवासी भटनवारा, प्रमोद पांडेय पिता रामविश्वास पांडेय 43 वर्ष निवासी भल्ला फार्म नईबस्ती को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
बताया गया कि आरोपी शैलेन्द्र जमीन खरीदी- बिक्री का काम करता है। एक अन्य आरोपी सुरजीत जमीन बिक्री की दलाली करता है। उसी के द्वारा कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी महिला को संबंधित जगह पर खड़ा कराकर रजिस्ट्री कराई गई।
जबकि आरोपी प्रमोद ने जालसाजी के सौदे में फर्जी गवाह की भूमिका निभाई। जालसाजी में शामिल कई आरोपी फरार चल रहे हैं जिनकी तलाश में संभावित जगहों पर छापेमारी की जा रही है।


