सिंगरौली में 72 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त, पोल्ट्री फार्म से आरोपी गिरफ्तार

सिंगरौली के सरई क्षेत्र में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 72 बल्क लीटर अवैध देशी मदिरा जब्त की। पोल्ट्री फार्म पर छापेमारी के दौरान आरोपी बालमुकुंद साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

सिंगरौली में 72 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त, पोल्ट्री फार्म से आरोपी गिरफ्तार

Singrauli जिले में अवैध मदिरा के कारोबार और संग्रहण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 72 बल्क लीटर अवैध देशी मदिरा जब्त की है। कार्रवाई सरई क्षेत्र में की गई, जहां निगरी निवासी बालमुकुंद साहू (35) को गिरफ्तार किया गया।

आबकारी विभाग की टीम ने आरोपी के पोल्ट्री फार्म पर छापेमारी की। जांच के दौरान वहां से 4 कार्टून देशी मदिरा मसाला और 4 कार्टून देशी मदिरा प्लेन बरामद की गई। कुल मिलाकर 72 बल्क लीटर मदिरा जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 36 हजार 200 रुपये बताई जा रही है।

आबकारी अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

विभाग ने कार्रवाई की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई है, ताकि कार्रवाई की पारदर्शिता बनी रहे। इस अभियान में आबकारी उपनिरीक्षक श्वेता सिंह, आबकारी आरक्षक रीतिका चौकसे, अनुज भुंजिया और धीरू सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

कलेक्टर श्री गौरव बैनल और जिला आबकारी अधिकारी श्री सतीश कश्यप ने टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त अभियान जारी रखने की बात कही है।