अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव का निधन, 38 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का निधन, लखनऊ के अस्पताल में तोड़ा दम, मौत की वजह अभी पता नहीं
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का लखनऊ में निधन हो गया। महज 38 साल की उम्र में हुई इस अचानक मौत ने यादव परिवार और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ा दी है। प्रतीक यादव की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब चल रही थी। बुधवार सुबह उन्हें गंभीर हालत में लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सुबह अस्पताल पहुंचाया गया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 6 बजे प्रतीक यादव को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल लाया गया था। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, जब उन्हें इमरजेंसी में लाया गया तब उनकी पल्स डाउन थी और दिल की धड़कन बंद हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मौत की असली वजह सामने नहीं आई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए KGMU भेजा गया, जहां मेडिकल टीम ने जांच शुरू की।
बताया जा रहा है कि पोस्टमॉर्टम से पहले प्रतीक यादव के सीने का एक्स-रे भी कराया गया। अस्पताल और पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। चौक, वजीरगंज और ठाकुरगंज थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात रही।
कुछ दिनों से खराब थी तबीयत
सूत्रों के अनुसार, 30 अप्रैल को भी प्रतीक यादव की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां कुछ दिन इलाज चला और हालत में थोड़ी सुधार होने के बाद वह घर लौट आए थे। बताया जा रहा है कि इलाज अभी भी जारी था। हालांकि परिवार या अस्पताल की ओर से बीमारी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
करीबी लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय से वह पूरी तरह स्वस्थ नजर नहीं आ रहे थे। फिटनेस को लेकर बेहद सजग रहने वाले प्रतीक यादव की अचानक मौत ने सभी को हैरान कर दिया है।
मौत की वजह पर बना सस्पेंस
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर प्रतीक यादव की मौत किस वजह से हुई। शुरुआती जानकारी में हार्ट संबंधी समस्या की बात सामने आ रही है, लेकिन मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
फिटनेस को लेकर जागरूक रहने वाले प्रतीक यादव की अचानक मौत ने उनके जानने वालों को गहरे सदमे में डाल दिया है। सोशल मीडिया पर भी लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और यादव परिवार के प्रति संवेदना जता रहे हैं।
राजनीति से दूर, बिजनेस और फिटनेस में थी पहचान
प्रतीक यादव समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। वह अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे।
हालांकि यादव परिवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि होने के बावजूद प्रतीक हमेशा राजनीति से दूर रहे। उन्होंने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी और बिजनेस की दुनिया में अपना करियर बनाया। लखनऊ में उनका ‘द फिटनेस प्लानेट’ नाम से जिम बिजनेस था। फिटनेस और हेल्थ को लेकर वह काफी गंभीर रहते थे।
इसके अलावा वह ‘जीव आश्रय’ नाम की संस्था भी चलाते थे, जो स्ट्रीट डॉग्स के इलाज, देखभाल और रेस्क्यू का काम करती थी। पशु प्रेम और फिटनेस के कारण उनकी अलग पहचान थी।
14 साल पहले अपर्णा यादव से की थी लव मैरिज
प्रतीक यादव ने करीब 14 साल पहले अपर्णा यादव से लव मैरिज की थी। दोनों की दो बेटियां हैं। अपर्णा यादव इस समय उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं और भाजपा से जुड़ी हुई हैं।
कुछ महीने पहले दोनों के रिश्ते को लेकर भी चर्चा हुई थी। जनवरी में प्रतीक यादव ने सोशल मीडिया पर तलाक लेने की बात कही थी और निजी जीवन को लेकर कुछ पोस्ट भी किए थे। हालांकि बाद में दोनों के बीच सुलह हो गई थी। कुछ दिन बाद प्रतीक ने अपर्णा के साथ तस्वीर साझा करते हुए लिखा था – “All is Good यानी सब अच्छा है।”
प्रतीक यादव के निधन के समय अपर्णा यादव असम में थीं। खबर मिलते ही वह तुरंत लखनऊ के लिए रवाना हो गईं।
परिवार और समर्थकों में शोक
प्रतीक यादव के निधन की खबर मिलते ही यादव परिवार के करीबी, समाजवादी पार्टी के नेता और समर्थक अस्पताल पहुंचने लगे। राजनीतिक और सामाजिक जगत से जुड़े कई लोगों ने दुख जताया है।
यादव परिवार देश के सबसे बड़े राजनीतिक परिवारों में गिना जाता है। ऐसे में प्रतीक यादव की अचानक मौत ने सभी को झकझोर दिया है। कम उम्र में निधन और मौत की वजह साफ न होने से लोगों के बीच कई तरह की चर्चाएं भी चल रही हैं। हालांकि परिवार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
Varsha Shrivastava 
