भोपाल देहात पुलिस और आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: 14,200 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद

Illegal Liquor Case : अवैध शराब बनाने, रखने और बेचने के खिलाफ भोपाल देहात पुलिस एवं आबकारी विभाग ने 21 सितंबर को तरावली डेरे में बड़ी कार्रवाई की।

भोपाल देहात पुलिस और आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: 14,200 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद

Illegal Liquor Case : अवैध शराब बनाने, रखने और बेचने के खिलाफ भोपाल देहात पुलिस एवं आबकारी विभाग ने 21 सितंबर को तरावली डेरे में बड़ी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक भोपाल ग्रामीण पंकज कुमार पाण्डेय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार सोनकर, एसडीओपी बैरसिया वैशाली कराहलिया और सहायक जिला आबकारी अधिकारी वर्षा उइके के नेतृत्व में तड़के टीम ने दबिश दी।

पुलिस देखकर भागे आरोपी

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई. इस दौरान पुलिस एवं आबकारी टीम को देखते ही डेरे में मौजूद लोग मौके से फरार हो गए। टीम ने अलग-अलग डेरों में खुले और खाली पड़े मकानों की तलाशी ली। इस दौरान 71 ड्रमों में भरी करीब 14,200 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई। नियमानुसार आवश्यक मात्रा जब्त करने के बाद शेष अवैध शराब को मौके पर ही नष्ट किया गया।

तलाशी के दौरान, महुआ शराब तैयार करने के लिए जमीन के अंदर बनाई गई 12 अवैध भट्टियां भी मिलीं, जिन्हें टीम ने नष्ट कर दिया। वहीं शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाले 2 बॉयलर जब्त किए गए। अवैध शराब निर्माण में इस्तेमाल अन्य सामग्री के संबंध में भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

अभियान आगे भी जारी रहेगा

भोपाल देहात पुलिस ने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और विक्रय के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

127 अधिकारी-कर्मचारियों की टीम रही शामिल

इस कार्रवाई में भोपाल देहात पुलिस के 75 अधिकारी-कर्मचारी और आबकारी विभाग के 52 अधिकारी-कर्मचारी, यानी कुल 127 अधिकारी-कर्मचारियों की संयुक्त टीम शामिल रही। कार्रवाई में एसडीओपी दुर्जन सिंह बरकड़े, थाना प्रभारी बैरसिया रामबाबू चौधरी, थाना प्रभारी गुनगा रिंकू जाटव, निरीक्षक नरेन्द्र यादव सहित पुलिस एवं आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।