भोपाल–जोधपुर वंदे भारत की मांग: दिग्विजय सिंह ने रेल मंत्री को लिखा पत्र
दिग्विजय सिंह ने भोपाल–जोधपुर वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की मांग को लेकर रेल मंत्री को पत्र लिखा है। इससे 18–24 घंटे का लंबा सफर कम होने और दोनों राज्यों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ने की उम्मीद है।
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने भोपाल से जोधपुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन शुरू करने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर प्रस्ताव पर विचार करने का आग्रह किया है।
दिग्विजय सिंह ने पत्र में उल्लेख किया है कि वर्तमान में भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से जोधपुर तक की यात्रा में 18 से 24 घंटे तक का समय लग जाता है, जो यात्रियों के लिए काफी असुविधाजनक है।
उन्होंने कहा कि यदि इस रूट पर वंदे भारत जैसी हाई-स्पीड और आधुनिक ट्रेन चलाई जाती है, तो यात्रा का समय काफी कम हो सकता है। इससे मध्य प्रदेश और राजस्थान के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी, साथ ही व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

दिग्विजय सिंह ने उम्मीद जताई है कि भारत सरकार इस प्रस्ताव पर सकारात्मक निर्णय लेगी और जल्द आवश्यक निर्देश जारी किए जाएंगे। अब सभी की नजरें रेल मंत्रालय के फैसले पर टिकी हैं। यदि यह सेवा शुरू होती है, तो यात्रियों और व्यापारिक वर्ग के लिए यह बड़ी राहत साबित हो सकती है।
DRASHTI JAIN 
